Bareilly News: इस बार भी नहीं निकलेगी कांवड़ यात्रा, अनुमति निरस्त; जोगी नवादा में पुलिस फोर्स तैनात
बरेली के चक महमूद से जोगी नवादा होकर कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति प्रशासन ने फिर निरस्त कर दी है। इससे एक समुदाय के लोगों में काफी रोष है।
विस्तार
बरेली के चक महमूद से जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति फिर निरस्त कर दी गई है। महंत राकेश कश्यप की ओर से 20 अगस्त को अनुमति देने का प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिला प्रशासन ने रूट को परंपरागत न पाए जाने पर अनुमति निरस्त की है। इसको लेकर एक बार फिर चक महमूद और जोगी नवादा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
चक महमूद से जोगी नवादा होकर कांवड़ यात्रा निकालने के दौरान खासा बवाल हो गया था। इससे बाद एसएसपी का तबादला कर बारादरी इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया था, तब से वहां फोर्स तैनात है। दो पक्षों में उपजी तनातनी को कम करने का अधिकारी प्रयास कर रहे हैं। एसीएम प्रथम एन राम ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अनुमति रद्द कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: चक महमूद में फिर पनपा आक्रोश, सड़क पर मांस पड़ा देख भड़के लोग, बंद कराईं दुकानें
दो बार हो चुका है बवाल
सावन के दूसरे सोमवार से पहले 23 जुलाई को जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल हो गया था। इस घटना के बाद 30 जुलाई को फिर से हालात बिगड़ गए थे। पुलिस को भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा था। सावन के दूसरे और तीसरे रविवार को हुईं घटनाओं के मद्देनजर दोनों इलाकों में कड़ी निगरानी बरती जा रही है।
कांवड़िये यहां से जत्था निकालने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने पुलिस और इंटेलीजेंस की रिपोर्ट के बाद कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है।