उपासना, सत्याग्रह, हरिद्वार एक्सप्रेस भी बहाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निरस्त चल रहीं रेलगाड़ियों को बहाल करने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। उपासना, सत्याग्रह, हरिद्वार-इलाहाबाद एक्सप्रेस को भी शुक्रवार को बहाल कर दिया गया। इससे पहले बुधवार और बृहस्पतिवार को भी एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को बहाल किया जा चुका है। निरस्त चल रहीं ट्रेनों को बहाल करने के साथ ही रेल यात्रियों की समस्याएं काफी हद तक कम हो गई हैं।
रेलवे ने 14 से 24 अप्रैल तक एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को निरस्त किया था। इसकी वजह रायबरेली, लखनऊ, वाराणसी रेल सेक्शन में नॉन इंटरलॉकिंग काम था। बाद में ट्रेनों का निरस्तीकरण 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया। इस दौरान रेल ट्रैक, ओएचई मरम्मत, स्लीपर बदलने के लिए कई बार अप-डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक भी लिए गए। समय से काम पूरा होने पर ट्रेनों को बहाल करने का सिलसिला 30 अप्रैल से पहले ही शुरू हो गया। 24 अप्रैल को त्रिवेणी, जनता एक्सप्रेस को बहाल करने के बाद 25 अप्रैल को मुगलसराय, पंजाब मेल, नौचंदी, पाटलीपुत्र, जननायक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को बहाल कर दिया गया।
शुक्रवार को रेलवे ने उपासना, सत्याग्रह, देहरादून-हरिद्वार एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन और ट्रेनों का संचालन भी शुरू कर दिया। निरस्त चल रहीं ज्यादातर ट्रेनों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को काफी हद तक राहत मिली है। हालांकि, अब भी ट्रेनों का टाइम टेबल पटरी पर नहीं आ सका है। शुक्रवार को भी कई ट्रेनें देरी से चलीं। त्रिवेणी एक्सप्रेस 1:30 घंटा देरी से शाहजहांपुर पहुंची।
लाइन क्लीयर में फंसी त्रिवेणी, हिमगिरी एक्सप्रेस
शाहजहांपुर। लाइन क्लियर न मिलने की वजह से शुक्रवार को त्रिवेणी और हिमगिरी एक्सप्रेस को शाहजहांपुर स्टेशन पर रोकना पड़ा। हिमगिरी एक्सप्रेस का शाहजहांपुर में स्टॉपेज नहीं है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे त्रिवेणी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा देरी से शाहजहांपुर पहुंची थी। लाइन क्लीयर न होने पर इसे यहां रोक दिया गया। पीछे आ रही सुपरफास्ट हिमगिरी एक्सप्रेस को भी प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ठहराव दिया गया। हिमगिरी का शाहजहांपुर में स्टॉपेज नहीं है। करीब 15 मिनट के बाद हिमगिरी को रवाना किया गया। इसके बाद त्रिवेणी को रवाना किया गया। त्रिवेणी एक्सप्रेस करीब 35 मिनट शाहजहांपुर स्टेशन पर खड़ी रही।
जनसेवा एक्सप्रेस से कम किए गए 13 कोच
शाहजहांपुर/रोजा। 24 कोच की ट्रेन जनसेवा एक्सप्रेस से रेलवे ने अब 13 कोच कम कर दिए हैं। यह ट्रेन 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक के लिए निरस्त की गई थी। बाद में दो बार निरस्तीकरण आगे बढ़ा दिया गया। हाल ही में ट्रेन को बहाल किया गया है। अब तक यह ट्रेन 24 कोच की थी। अब इस ट्रेन में 11 कोच ही लगाए जा रहे हैं। 13 कोच कम होने के बाद ट्रेन में सीटों की संख्या कम हो गई है। हाल ही में जनसेवा एक्सप्रेस को भी बहाल किया गया है।
निरस्त ज्यादातर ट्रेन बहाल हो गई हैं। राज्यरानी समेत कुछ ट्रेनों का संचालन भी जल्द शुरू हो जाएगा। जनसेवा एक्सप्रेस में कोच क्यों कम किए गए हैं। इस बारे में अभी जानकारी नहीं है। - मनोज कुमार, स्टेशन अधीक्षक