Bareilly News: कमरे में बंदकर विवाहिता के कपड़े फाड़े, फोटो खींचे, ससुरालियों ने की शर्मनाक करतूत
बरेली में एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली में दस लाख रुपये और प्लॉट नहीं मिलने पर विवाहिता को पति और ससुरालवालों ने कमरे में बंद कर दिया। विवाहिता का आरोप है कि ससुरालवालों ने उसके कपड़े फाड़कर अश्लील फोटो खींच लिए। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर दहेज मांगने लगे। विवाहिता की शिकायत पर सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र निवासी महिला का विवाह जिला हरदोई के कुलमन खेड़ा में वर्ष 2023 में हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद ससुराली दहेज में दस लाख रुपये और प्लॉट की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर प्रताड़ित किया जाता। एक दिन ससुराल बुलाकर पति और उसके परिजनों ने कमरे में बंद करने के बाद कपड़े फाड़कर अश्लील फोटो खींच लिए। अब फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं, जिससे वह बेहद परेशान है।
नकदी-जेवर समेटकर रिश्तेदार संग गई युवती
कैंट थाना क्षेत्र निवासी युवती दो लाख रुपये और लाखों रुपये के जेवर लेकर अपने रिश्तेदार के साथ चली गई। युवती के घरवालों ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे का दिल्ली निवासी साला उनके घर आता था। वह फुसलाकर उनकी बेटी को ले गया। बेटी घर में रखे दो लाख रुपये और जेवर भी साथ ले गई। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति के साथ बेटी गई है उसकी पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। इसलिए उन्हें आशंका है कि वह उनकी बेटी को भी नुकसान पहुंचा सकता है।