Bareilly News: सेना की वर्दी में इस्तेमाल होने वाले कपड़े का अवैध भंडारण पकड़ा, एक आरोपी गिरफ्तार
आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर कैंट पुलिस और एसओजी ने बुधवार को नकटिया में सेना की वर्दी के कपड़े का अवैध भंडारण पकड़ा। मौके से अरबाज नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
विस्तार
बरेली में आर्मी इंटेलीजेंस की सूचना पर कैंट थाना पुलिस और एसओजी ने बुधवार को अपराह्न चार बजे थाना क्षेत्र के नकटिया में मोहनपुर रोड स्थित एक दुकान पर छापा मारा। यहां आम लोगों के लिए प्रतिबंधित सेना की कॉम्बैट यूनिफॉर्म यानी वर्दी में इस्तेमाल होने वाले कपड़े का अवैध भंडारण मिला। मौके से अरबाज नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है।
इंस्पेक्टर कैंट संजय धीर ने बताया कि बुधवार दोपहर मिलिट्री इंटेलिजेंस से सूचना मिली कि कैंट थाना क्षेत्र की नकटिया चौकी क्षेत्र में एक दुकानदार ने सेना की कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कपड़े का अवैध रूप से भंडारण किया है। वह कपड़े को कहीं और बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर मिलिट्री इंटेलिजेंस, एसओजी और पुलिस टीम ने छापा मारा तो यहां कॉम्बैट यूनिफॉर्म के सात बंडल (प्रत्येक करीब 200 मीटर), पांच बंडल (प्रत्येक करीब 100 मीटर) व दो प्लास्टिक के बैग में करीब 150 मीटर कपड़ा मिला।
इसके अलावा तीन प्लास्टिक बैग में सेना की पी-कैप कॉम्बैट यूनिफॉर्म, एक प्लास्टिक बैग में जूते के फीते, एक प्लास्टिक के बैग में कपड़े की टोपी व एक पारदर्शी पॉलिथीन में सात गोल काले वेलक्रो भी बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राजस्थान के श्री गंगानगर से मंगाया था कपड़ा
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने यह कपड़ा राजस्थान के श्री गंगानगर की एक फैक्टरी से मंगाया था। उसने कपड़े का सौदा भी कर लिया था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। उसने बताया कि सेना ने इस कपड़े की वर्दी 2023 से ही लागू की है। इस कारण इसकी काफी मांग है। ज्यादा कीमत पर यह कपड़ा आसानी से बिक जाता है। सेना और बीएसएफ कैंटीन में कपड़ा मुश्किल से मिल पाता है, इसलिए वह इस कपड़े को बेचकर मुनाफा कमा रहा था। यह कपड़ा प्रतिबंधित कपड़े के प्रिंट से मेल खाता है।