{"_id":"5fc5499e8ebc3e9bb5431718","slug":"if-the-chaupula-intersection-closed-people-came-out-of-danger-bareilly-news-bly4286041109","type":"story","status":"publish","title_hn":"बंद हुआ चौपुला चौराहा तो खतरों से जूझकर निकले लोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बंद हुआ चौपुला चौराहा तो खतरों से जूझकर निकले लोग
विज्ञापन
जानजोखिम में डालकर निकलते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
डायवर्जन के बावजूद बंद रास्तों पर आए वाहन तो पुलिस ने लौटाए
विज्ञापन
बरेली। चौपुला चौराहे पर नई व्यवस्था सोमवार से पूरी तरह लागू कर दी गई। करीब 75 दिन के लिए शहर का यह व्यस्त चौराहा पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पहले दिन सोमवार को यातायात पुलिस ने कई तरह के अवरोध लगाकर लोगों को इधर से न निकलने के निर्देश दिए पर कई जगह दोपहिया वाहन सवार पुलिस से बहस करते नजर आए। शार्टकट के चक्कर में लोग खतरनाक जगहों से निकलते भी दिखे। चौपुला पुल पर टेंपो वालों ने कतार से वाहन खड़े कर रखे थे तो नेकपुर में बसें खड़ी थीं। पुलिस ने चौपुला आने वाले सभी संबंधित रास्तों पर इधर न आने की बात लिखकर बड़े बैनर लगा दिए हैं पर लोग नहीं मान रहे हैं।
विज्ञापन
अवरोधक लगाए पर नहीं मान रहे लोग
चौपुला चौराहे पर रामपुर दिशा से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। दूसरे रास्तों पर भी सेतु निगम स्टाफ के कहने पर यातायात पुलिस ने सरिया, बांस बल्ली तो कहीं लोहे के बोर्ड लगाकर रास्तों को अवरुद्ध करने का काम किया है। बावजूद लोग अभी बाज नहीं आ रहे हैं। कुछ लोग गलतफहमी में तो बाकी जानबूझकर बंद रास्तों का रुख कर रहे हैं। फिर यही लोग चौराहे पर भूलभुलैया जैसे रास्ते पर आकर फंस जाते हैं तो पीछे लौटना मुश्किल हो जाता है। सोमवार को पूरे दिन ऐसे नजारे दिखे।
विज्ञापन
निकलने नहीं दिया तो पुलिस से भी उलझे लोग
जल्दबाजी में गलत रास्तों पर निकले लोग बंद रास्तों पर फंसे तो गुस्साने लगे। इनमें से ज्यादातर का गुस्सा यातायात पुलिस के सहयोगी होमगार्डों पर निकला। उनसे सरिया जैसे हल्के अवरोध हटवाने को कहा। उन्होंने नहीं सुनी तो सिपाहियों से मनुहार की। कहा कि इस बार निकल जाने दो, फिर इधर नहीं आएंगे। कुछ मामलों में पुलिस ने नरमी भी दिखाई पर बाकी को वापस लौटा दिया।
विज्ञापन
ओवरब्रिज पर टेंपो स्टैंड से लगा जाम
चौपुला ओवरब्रिज के ऊपर सिटी स्टेशन दिशा से चढ़ाई पर टेंपो स्टैंड से जाम लग रहा था। यहां गंगास्नान को जाने वाले लोगों की ट्रैक्टर ट्रालियां भी जा रही थीं। इससे वाहनों की बढ़ी संख्या से पुल पर दिन भर गहमागहमी रही। वहीं पुल से उतरते ही नेकपुर की ओर बसों व डग्गामार वाहनों ने रास्ता जाम कर दिया था।रास्तों पर बोर्ड लगाए पर ऑटो वालों ने की मनमानी
अयूब खां चौराहे से ही सड़क पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट कर दिया गया है कि केवल शोरूम और दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग जा सकते हैं। इधर से चौपुला का रास्ता आगे बंद है। बावजूद वाहन चालक खासतौर से टेंपो वाले नहीं मान रहे। सोमवार को ऐसे कई टेंपो व ऑटो चौपुला से लौटाए गए।एसपी ट्रैफिक ने की अपील, डायवर्जन का पालन करें
एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेई ने बताया कि यातायात पुलिस ने चौपुला चौराहे बंद होने पर सभी तरह के वाहनों के डायवर्जन के रास्ते तय कर दिए हैं। इनका पर्याप्त प्रचार भी कराया है, बावजूद लोग गलत रास्तों पर जाकर अपनी और दूसरों के लिए मुसीबत पैदा कर रहे हैं। सुभाष नगर व बिहारीपुर में लोग अपना घर बताकर कारें लेकर जा रहे हैं और पुलिस से बहस कर रहे हैं। लोगों को इससे बचना चाहिए और नियम पालन करना चाहिए।चौपुला बंद रहने तक इस वैकल्पिक व्यवस्था का करें पालन
- - सीबीगंज रोड से चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी की ओर आने वाला यातायात मिनी बाईपास से इज्जतनगर तिराहा, अंडरपास, डेलापीर अथवा इज्जतनगर तिराहा, कुदेशिया ओवरब्रिज, एमबी इंटर कालेज, सूद धर्मकांटा, मूर्ति नर्सिंग होम, ईट पजाया, श्यामगंज ओवरब्रिज, गांधी उद्यान से गंतव्य को जा सकेगा।
- - दो पहिया वाहन सिटी सब्जी मंडी, बिहारीपुर ढाल से जा सकेंगे।
- - चौकी चौराहे से सिटी सब्जी मंडी की ओर जाने वाले हल्के वाहन जैसे कार, ऑटो, दोपहिया वाहन जंक्शन तिराहा से थाना सुभाषनगर गेट से रेलवे कालोनी होकर पूर्व की तरह सिटी स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
- - रामगंगा तिराहे से रामपुर रोड, नैनीताल रोड को जाने वाले हल्के वाहन चौपुला पुल से सिटी सब्जी मंडी होकर जा सकेंगे।
- - बदायूं रोड से आने वाले दो पहिया वाहन सुभाषनगर चुंगी से वाजपेयी ढाल से कार्टन होटल तिराहा से कचहरी और सिविल लाइन की ओर जा सकेंगे।
- - बदायूं रोड, आंवला, विशारतगंज, भमोरा और बदायूं की ओर से आने वाला जो यातायात चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, पटेल चौक, सिविल लाइन की ओर जाएगा वह लालफाटक से ही शहर में आएगा।
- - रामपुर रोड से आने वाले सवारी वाहन जैसे ऑटो और टेंपो सब्जी मंडी तक आ सकेंगे।
- - बदायूं रोड से आने वाले ऑटो गन्ना मिल नेकपुर तक आ सकेंगे।