Bareilly News: दहेज की खातिर पति ने दिया तीन तलाक, पत्नी से बोला- तीसरा निकाह करूंगा
बरेली में दहेज की खातिर पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया और तीसरा निकाह करने की बात कही। पीड़ित पत्नी ने बारादरी थाने में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जगतपुर पुराना शहर निवासी मेहशर ने रिपोर्ट में जिक्र किया कि उसका निकाह वर्ष 2020 में दिल्ली निवासी शाहिद से हुआ था। शाहिद पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे जबकि मेहशर का उससे पहला निकाह था।
निकाह के बाद शाहिद, उसका पुत्र फैजान, फैजान की पत्नी अलीशा और पड़ोसी हुस्ना कम दहेज का ताना देते थे। आरोप है कि इन लोगों ने मेहशर दहेज में दो लाख रुपये की मांग की। शाहिद खाना नहीं देता था जबकि फैजान और अलीशा घर का सारा काम कराते थे।
हुस्ना पर पति को भड़काने का आरोप
हुस्ना घर में आकर मेहशर के खिलाफ भड़काती थी। पांच जून 2025 को पीटकर मेहशर को घर से निकाल दिया। इस साल फरवरी में शाहिद घर आया और उन पर उल्टे सीधे आरोप लगाकर उन्हें तीन तलाक दे दिया।
शाहिद बोला कि अब तीसरा निकाह करूंगा। मेहशर के माता-पिता की मौत हो चुकी है। अब वह दर दर भटक रही हैं। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।