Bareilly News: कांग्रेस नेता मुन्ना कुरैशी समेत 26 अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, सर्वाधिक बदमाश बहेड़ी के
बरेली में पुलिस ने 26 बदमाशों पर शिकंजा कस दिया है। इन सभी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें कांग्रेस नेता मुन्ना कुरैशी का नाम भी शामिल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में पुलिस ने लूटपाट, हत्या, गो तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, जुए के अड्डे संचालित करने वाले 26 बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इनमें कांग्रेस नेता मुन्ना कुरैशी का नाम भी शामिल है। सभी की निगरानी की जाएगी। बहेड़ी के सर्वाधिक 12, शीशगढ़ के पांच, किला व भमोरा के तीन-तीन, देवरनियां के दो और शेरगढ़ के एक अपराधी की बी क्लास हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
किला इलाके में जुआ कराने वाले अतीक, मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले फिरोज उर्फ बंटी, गुंडागर्दी करने वाले सलीम उर्फ मुन्ना कुरैशी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। मुन्ना कुरैशी कांग्रेस नेता बताया जा रहा है, पहले वह आईएमसी में पदाधिकारी था। देवरनिया थाने में गो तस्कर यासीन और शरीफ, भमोरा में नशीले पदार्थ के तस्कर वीरेंद्र, रामपाल और विकास यादव की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
बहेड़ी के कुख्यात चोर नदीम उर्फ टार्जन, चोरी के वाहनों को कटवाने में समीर रजा, अफसर, आरिफ उर्फ पप्पू बुलेट की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। गो तस्कर नसीम उर्फ कल्लू, मोनीश उर्फ टाइटल, इमरान उर्फ छोटे, शोराब उर्फ सोराक की भी हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी शुरू की गई है। मादक पदार्थों की तस्करी, बलवा, जानलेवा हमला और जुए के मामले में इकरार अहमद, मोहन सिंह और शाहिद की हिस्ट्रीशीट भी बहेड़ी थाने में खोली गई है।
लूट के दौरान हत्या करने वाले गिरोह के छह सदस्यों की खुली हिस्ट्रीशीट
शीशगढ़, शेरगढ़ और बहेड़ी क्षेत्र में लूट के दौरान हत्या करने वाले गिरोह के छह सदस्यों की पुलिस ने बी क्लास हिस्ट्रीशीट खोली है। इनमें कुछ बदमाश जेल में बंद हैं। वर्ष 2024 में सूरजपाल का मोबाइल फोन लूटने के दौरान पनवड़िया के पास उनकी हत्या कर दी गई थी। पिछले साल बहेड़ी खुटिया निवासी अरविंद के साथ लूटपाट कर धारदार हथियार से हमला किया गया और सीकरी के पास सज्जाद से मोबाइल फोन व बाइक लूटकर उसकी हत्या कर दी गई थी। शेरगढ़ पुलिस की लूट और हत्या करने वाले गैंग से दिसंबर 2024 में मुठभेड़ भी हुई थी।
इस दौरान पुलिस ने बहेड़ी के मिर्जापुर रंजित निवासी रनवीर, शीशगढ़ सियाठेरी निवासी देवेंद्र उर्फ देवा, दीपक, जितेंद्र उर्फ लुक्का, शीशगढ़ के गुलड़िया भवानी निवासी रितिक, मधुकपुर निवासी भूपेंद्र को गिरफ्तार कर तीनों संगीन घटनाओं का अनावरण किया था। जितेंद्र और रितिक के पैर में पुलिस ने गोली मारी थी। वहीं, शीशगढ़ के सियाठेरी का सतीश वांछित हो गया था। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इन सभी की हिस्ट्रीशीट उनके निवास वाले थानों में खोली गई है। पुलिस इन बदमाशों की निगरानी करेगी।