Sports News: बरेली में कुंवर सुभाष पटेल स्मृति प्रीमियर लीग में खलेंगी 10 टीमें, सबसे महंगे बिके हर्ष राणा
बरेली में कुंवर सुभाष पटेल स्मृति प्रीमियर लीग का आयोजन 19 अप्रैल से डोहरा रोड स्थित मैदान पर किया जाएगा। इसमें शहर की 10 टीमें प्रतिभाग करेंगी।
विस्तार
बरेली में जीपी वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से कुंवर सुभाष पटेल स्मृति प्रीमियर लीग का आयोजन 19 अप्रैल से डोहरा रोड स्थित मैदान पर किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए रविवार को आयोजित नीलामी समारोह में शहर की दस प्रमुख टीमों ने भाग लिया। इसमें न्यूरो किड्स द इन्विंसिबल, गज ग्रीन, एएस डायमंड्स, मणिलम इंडियंस, न्यूट्री वर्ल्ड सुपर जायंट्स, प्रेमचंद सोनी एंड सन्स, केएआई रॉयल्स, श्री सिद्धि विनायक नाइट राइडर्स, सनराइजर्स सैलून एचएम और आरआरआर जैसी टीमों के नाम शामिल हैं।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान हर्ष राणा पर सर्वाधिक 12,100 रुपये की बोली लगी। प्रेमचंद सोनी एंड सन्स टीम ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी शिव कुमार राठी रहे। न्यूरो किड्स द इन्विंसिबल टीम ने उन्हें 11,600 रुपये में खरीदा। राहुल कपूर 9,800, अनुज शर्मा 9,100, अनंतवीर सिंह 9,100, धीरेंद्र यादव 8,700, सोनू अधिकारी 8,200, आकाश कुमार 8,100, दिलशाद खान 6,300 और अनंत भटनागर 6,200 रुपये में बिके।
बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता प्रशांत पटेल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्य आयोजक सीए गगन मेहरोत्रा, संघ के अध्यक्ष सरफराज वली खान, सचिव सीताराम सक्सेना और संयुक्त सचिव ओपी कोहली आदि उपस्थित रहे।
जीएसटी-11 ने खलीफा अकादमी को पांच विकेट से दी शिकस्त
शैली शुक्ला मेमोरियल ट्रस्ट और बरेली क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित वेदान टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-एक में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें जीएसटी-11 ने खलीफा अकादमी को और एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी और ओवैस क्रिकेट अकादमी को पराजित किया।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। शाहरुख खान ने 60 रनों की पारी खेली। अनुज शर्मा ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। ओवैस क्रिकेट अकादमी की तरफ से यश भारद्वाज ने चार विकेट लिए। जवाब में ओवैस क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 123 रनों पर ढेर हो गई। एसआरएमएस के अनुज शर्मा ने तीन विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए खलीफा क्रिकेट अकादमी की टीम मात्र 76 रनों पर ढेर हो गई। जीएसटी-11 की तरफ से धीरेंद्र यादव ने चार ओवरों में आठ रन देखकर चार विकेट लिए। इसमें हैट्रिक भी शामिल है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी, जीएसटी-11 की ओर से हर्ष राणा ने 49 रन बनाए। मैच में जीएसटी ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। शानदार गेंदबाजी के लिए धीरेंद्र यादव को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।