Janmashtami 2023: बरेली के श्री हरि मंदिर में भव्य सजावट, यहां राधाकृष्ण के युगल रूप में होते हैं दर्शन
श्री हरि मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर भक्ति ज्ञान वार्षिक महोत्सव मनाया जा रहा है। सात सितंबर से श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं श्री राधाष्टमी महोत्सव की शुरुआत हो गई।
विस्तार
बरेली में जन्माष्टमी की धूम है। मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में भव्य रूप से सजावट की गई है। यह मंदिर छह हजार वर्ग मीटर में बना है। इसका निर्माण अप्रैल 1958 में शुरू हुआ था। वर्ष 1960 में मंदिर के गर्भगृह में राधा-कृष्ण युगल सरकार के भव्य विग्रह की स्थापना हुई। इसका शिलान्यास श्री मुनि हरिमिलापी जी महाराज ने किया था। गर्भगृह के बगल में बायीं ओर शिवलिंग के साथ शिव परिवार का दिव्य विग्रह स्थापित है। दाहिने तरफ श्री राम, लक्ष्मण, देवी सीता और भक्त हनुमान विराजमान हैं।
मध्य में देवी भगवती और पवनसुत का सिद्ध दरबार है। इसके सामने पीपल का विशाल वृक्ष है। मंदिर कमेटी के सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि यहां जो भी सवाली आया, कभी खाली नहीं गया। इस समय मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित रमेश तिवारी हैं। कमेटी के अध्यक्ष सतीश खट्टर हैं। यहां धर्मार्थ चिकित्सालय और पैथोलॉजी लैब है, जहां योग्य और कुशल चिकित्सक निशुल्क परीक्षण करते हैं और सलाह देते हैं। दवाई भी दी जाती है।
जन्माष्टमी पर कार्यक्रम
श्री हरि मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर भक्ति ज्ञान वार्षिक महोत्सव मनाया जा रहा है। सात सितंबर से श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं श्री राधाष्टमी महोत्सव की शुरुआत हो गई। यह 23 सितंबर तक चलेगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, श्रीमद्भागवत कथा, संकीर्तन के कार्यक्रम होंगे।
ऐसे पहुंचें मंदिर
स्टेडियम रोड स्थित मॉडल टाउन पुलिस चौकी के बराबर सड़क से गुरुद्वारा होते हुए सीधा मार्ग मंदिर की ओर जाता है। पुलिस चौकी से मंदिर की दूरी लगभग 300 मीटर है।