UP: पूर्व भाजपा नेता सूर्यकांत और शशिकांत अब 50-50 हजार के इनामी, पुलिस के साथ अब STF भी तलाश में जुटेगी
अमर ज्योति कंपनी के जरिये करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी सूर्यकांत मौर्य व शशिकांत मौर्य पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बरेली रेंज के डीआईजी ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
विस्तार
बदायूं में अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड के जरिये सैकड़ों निवेशकों की करोड़ों रुपये की कमाई डकारने के आरोपी बरेली के पूर्व भाजपा नेता सूर्यकांत मौर्य और उसके भाई शशिकांत पर कानून का शिकंजा और कस गया है। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। बदायूं पुलिस के साथ ही अब एसटीएफ भी इनकी तलाश में जुटेगी।
अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड नाम से कंपनी खोलकर दोनों भाइयों ने लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर कई करोड़ रुपये जमा कराए थे। जब रकम लौटाने का वक्त आया तो दोनों कानूनी दांवपेच खेलने लगे। सरगना सूर्यकांत तय योजना के तहत कंपनी से पहले ही अलग हो गया था। दोनों भाइयों ने कंपनी कानूनों का फायदा उठाने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: संपत्ति विवाद में पिता और सौतेले भाई को कार से कुचलकर मार डाला, वारदात के बाद भागा आरोपी
कई मुकदमे दर्ज होने के बाद बदायूं एसएसपी ने एसआईटी गठित कर दी। हालांकि आज तक दोनों गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं और करीबियों की मदद से ठगी के रुपये से खरीदी संपत्ति को ठिकाने लगाने में जुटे हैं। बदायूं एसएसपी ने दोनों पर पहले 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दोनों के खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं। अब डीआईजी ने दोनों पर 50-50 हजार रुपये इनाम घोषित कर दिया है।
तलाश में जुटेगी एसटीएफ : साहनी
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बरेली के कटरा चांद खां निवासी ठगी के आरोपी दोनों भाइयों सूर्यकांत मौर्य व शशिकांत मौर्य को अभी तक बदायूं पुलिस की एसआईटी तलाश कर रही थी। अब दोनों पर इनाम की रकम बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी गई है। एसटीएफ समेत बरेली पुलिस व अन्य एजेंसियों को भी इस बारे में पत्र भेजा गया है। जो भी दोनों भाइयों के बारे में सूचना देकर उन्हें पकड़वाएगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा।