Flight Tickets: होली पर फ्लाइट से बरेली आने-जाने का किराया महंगा, टिकट की कीमतों में तीन गुना तक बढ़ोतरी
होली के अवसर पर मुंबई और बंगलूरू से 21 से 24 मार्च के बीच बरेली आने के लिए फ्लाइट के किराये में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी हुई है। वापसी का टिकट भी महंगा है।
विस्तार
परिवार के साथ होली मनाने की चाहत ने हवाई सफर को महंगा कर दिया है। सामान्य दिनों में 55 सौ से सात हजार रुपये में होने वाली बुकिंग अलग-अलग तिथि में 15 से 20 हजार रुपये तक जा पहुंची है। 80 फीसदी बुकिंग होने से होली पर टिकट मिलने में लोगों को मुश्किल भी हो सकती है।
एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक ऑनलाइन उपलब्ध दरों के अनुसार मुंबई और बंगलूरू से 21 से 24 मार्च के बीच बरेली आने के लिए किराये में दो से तीन गुना तक बढ़ोत्तरी हो चुकी है। हालांकि, इन्हीं दिनों में बरेली से मुंबई और बंगलूरू जाने के लिए किराया सामान्य दिनों के बराबर ही है।
होली के बाद 26, 27 मार्च से वापसी का दौर शुरू होगा, जो कि 31 तक चलेगा। तब बरेली से मुंबई और बंगलूरू का सफर महंगा होगा। प्रतिनिधि के मुताबिक किराये में मांग के अनुसार उतार-चढ़ाव होता है। इसलिए वर्तमान दरों में आने वाले दिनों में और बढ़त की संभावना है। इसके बावजूद भी लोग धड़ाधड़ टिकट बुक करा रहे हैं।
तारीख मुंबई के लिए बंगलूरू के लिए
26 मार्च 11,212 8,454
27 मार्च 7,847 11,121
28 मार्च 13,957 8,654
29 मार्च 7,867 12,310
30 मार्च 20,152 14,954
31 मार्च 12,047 15,566
त्योहार से पहले घर आने की दरें
तारीख मुंबई से बंगलूरू से
21 मार्च 13,393 8,654
22 मार्च 10,466 15,775
23 मार्च 15,528 8,654
24 मार्च 13,054 10,211
विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग घर पर मनाएंगे होली
एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक बंगलूरू में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग घर पर होली मनाने आएंगे। वहीं, मुंबई से भी ज्यादातर विद्यार्थी, रिश्तेदार और व्यापारी वर्ग के लोग बरेली आएंगे। दिल्ली से आने-जाने का किराया भी इसी कड़ी में त्योहार पर बढ़ा हुआ है। बताया कि, 21, 23, 24 मार्च को दिल्ली से बरेली आने का किराया छह से आठ हजार रुपये के बीच और 26, 28, 30 मार्च को वापसी का किराया छह हजार रुपये के आसपास है, जो आम दिनों में 22 से 26 सौ रुपये होता है।