Bareilly News: पांच चौकी प्रभारी अव्वल... एसएसपी ने किया पुरस्कृत, फिसड्डी रहने वालों के खिलाफ बैठाई जांच
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने फरवरी के मूल्यांकन में फिसड्डी साबित हुए पांच चौकी प्रभारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं, जबकि अव्वल रहने वाले पांच प्रभारियों को पुरस्कृत किया है।
विस्तार
बरेली में पुलिस कप्तान की कसौटी पर फिसड्डी साबित हुए पांच चौकी प्रभारियों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है, वहीं पांच प्रभारियों को पुरस्कृत किया है। फतेहगंज पश्चिमी कस्बा चौकी प्रभारी और उनके साथी सिपाहियों पर मुकदमे और निलंबन की कार्रवाई के बाद अब एसएसपी अनुराग आर्य ने यह पहल की है।
फरवरी के मूल्यांकन में प्रथम स्थान हासिल करने वाले सेटेलाइट चौकी प्रभारी गौरव कुमार अत्री को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र व 10 हजार रुपये पुरस्कार दिया गया। द्वितीय स्थान पर रहे मीरगंज कस्बा चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह को ट्राॅफी, प्रशस्ति पत्र और सात हजार रुपये पुरस्कार मिला।
यह भी पढ़ें- UP: धमाके से कांपी धरती... आसमान से खेत में गिरी भारी भरकम चीज, बरेली में हुई ऐसी घटना, अचंभित रह गए लोग
तीसरे स्थान पर कैंट की नकटिया चौकी के प्रभारी मोहित चौधरी रहे। उन्हें ट्रॉफी, प्रशस्तिपत्र और चार हजार रुपये मिले। चौथे स्थान पर भमोरा की सरदारनगर चौकी प्रभारी विकास यादव रहे। उनको प्रशस्ति पत्र और 2500 रुपये दिए गए। नवाबगंज कस्बा चौकी प्रभारी विदेश कुमार शर्मा को पांचवां स्थान मिला। उन्हें प्रशस्ति पत्र और 1500 रुपये पुरस्कार दिया गया है।
रुहेलखंड चौकी प्रभारी सबसे पीछे
सबसे खराब प्रदर्शन बारादरी की रुहेलखंड चौकी के प्रभारी राहुल सिंह पुंडीर का रहा। आंवला की रामनगर चौकी के प्रभारी नरेंद्र कुमार, प्रेमनगर की अशरफ खां चौकी के प्रभारी मनोज कुमार, इज्जतनगर की कर्मचारी नगर चौकी के प्रभारी सतीश कुमार और बैरियर वन चौकी के प्रभारी संजय सिंह भी इस कसौटी पर खरे साबित नहीं हुए।
सभी के खिलाफ प्रारंभिक जांच कराई जा रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि विवेचना, जनशिकायतों के निस्तारण, चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी की विवेचनाओं के निस्तारण के आधार पर मूल्यांकन किया गया है।