Railway News: बरेली-चंदौसी-मुरादाबाद रेल लाइन का होगा दोहरीकरण, फाइनल लोकेशन सर्वे को मिली मंजूर
रेलवे ने 114 किलोमीटर लंबी बरेली-चंदौसी-मुरादाबाद रेल लाइन के दोहरीकरण सर्वे को हरी झंडी दी है। यह परियोजना पांच साल से लंबित थी। इस सिंगल लाइन पर 14 जोड़ी ट्रेनें चलती हैं। दोहरीकरण से यातायात दबाव और लेटलतीफी कम होगी।
विस्तार
बरेली होकर गाजियाबाद से सीतापुर तक तीसरी और चौथी रेल लाइन को मंजूरी मिलने के बाद रेलवे ने अब बरेली-चंदौसी-मुरादाबाद रेल लाइन के दोहरीकरण के फाइनल लोकेशन सर्वे को हरी झंडी दे दी है। 114 किमी की इस रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए पांच साल से फाइल दौड़ रही थी। इस सिंगल लाइन पर 14 जोड़ी मेल, एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता है।
बरेली से चंदौसी की दूरी 70 और चंदौसी से मुरादाबाद की दूरी 44 किमी है। चंदौसी से एक लाइन अलीगढ़ और एक मुरादाबाद जाती है। दिल्ली से बरेली होकर पूर्वांचल, पूर्वोत्तर के राज्यों और बंगाल, बिहार राज्यों में रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से दिल्ली से वाया रामपुर, मुरादाबाद, बरेली और वाया चंदौसी, बरेली होकर गुजरने वाली दोनों लाइनों पर ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा है। चंदौसी, बरेली होकर गुजरने वाली रेल लाइन सिंगल होने के कारण गाड़ियां लेटलतीफी का शिकार होती हैं। बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ और बरेली-चंदौसी-मुरादाबाद लाइनों के दोहरीकरण को लेकर कवायद 2020 में शुरू हुई थी।
इसके बाद हर वर्ष आने वाली रेलवे की पिंक बुक में इन लाइनों का जिक्र तो होता था, लेकिन मंजूरी का इंतजार था। इसी वर्ष भोजीपुरा-लालकुआं, काठगोदाम-लालकुआं, रामपुर-लालकुआं रेलखंड और भोजीपुरा बाइपास लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को भी हरी झंडी दे चुका है।
बढ़ेगी ट्रेनों की संख्या, बेहतर होगी रेल कनेक्टविटी
गाजियाबाद-बरेली-सीतापुर के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन, बरेली-चंदौसी-मुरादाबाद के बीच दो रेल लाइन व अन्य रेलखंडों के दोहरीकरण के बाद रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी और लेटलतीफी दूर होगी। ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ यह रेलखंड क्षमता से अधिक बोझ झेल रहे हैं। सिंगल लाइन सेक्शन होने के कारण क्रॉसिंग के लिए ट्रेनों को कई बार स्टेशनों पर रोकना पड़ता है। एक गाड़ी पास होने के बाद ही दूसरी ट्रेन आगे बढ़ सकती है। इसका असर यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन पर भी पड़ता है। दोहरीकरण के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि बरेली-चंदौसी-मुरादाबाद के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण को फाइनल लोकेशन सर्वे को स्वीकृति मिल गई है। काम जल्द शुरू करा दिया जाएगा।