एमबीबीएस छात्र की मौत का मामला: 'सबूतों से की गई छेड़छाड़, रजिस्टर में मिले...', परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
गोरखपुर के थाना शाहगंज के मोहल्ला राप्तीनगर निवासी कुशाग्र प्रताप सिंह बंथरा स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र थे। रविवार सुबह उनका शव हॉस्टल के पीछे पड़ा मिला था। उनके पिता ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
शाहजहांपुर के वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र कुशाग्र प्रताप सिंह (26) की छत से संदिग्ध हालात में गिरकर मौत के मामले में परिजनों ने सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। चचेरे भाई सूरज ने कहा कि पुलिस काफी दबाव में काम कर रही है। सभी आरोपों पर आधारित रिपोर्ट तक नहीं लिखी। उपस्थिति रजिस्टर पर कुशाग्र के फर्जी हस्ताक्षर मिले हैं।
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के राप्ती नगर फेज-1 के एमआईजी 35 निवासी अजय कुमार सिंह ने तिलहर थाने में दी तहरीर में बताया कि जब वह बेटे की मौत की सूचना पर जब कॉलेज पहुंचे तो उन्हें हॉस्टल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। अजय के मुताबिक, प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि कुशाग्र को जबरदस्ती छत से नीचे फेंका गया या मारा गया था।
संबंधित खबर- Shahjahanpur News: एमबीबीएस छात्र की मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज, पिता ने लगाए ये आरोप
उसके शरीर पर चोट जैसे निशान थे और अपने बचाव के चिह्न थे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों हाथों को पकड़ने के साफ निशान मिले हैं। कुशाग्र का गला दबाने का प्रयास भी किया गया था। हॉस्टल का सीसीटीवी कैमरा बंद था। कॉलेज प्रशासन का रवैया भी असहयोगात्मक था। उन्हें शक है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
पिता गमजदा, शव पहुंचने पर बिलख पड़ी मां
इकलौते बेटे की मौत की खबर मां मंजुला को नहीं दी गई। उन्हें सिर्फ इतना बताया था कि बेटे का उपचार चल रहा था। गोरखपुर में अकेली होने के चलते वह लखनऊ आ गई थीं। देर रात में शव लखनऊ पहुंचा तो मां दहाड़े मारकर रो पड़ीं। बेटे की सलामती की दुआएं मांगने वाली मंजुला बिलखते हुए बेहोश हो गईं। पिता अजय भी गुमसुम रहे। वह किसी से बात करने की स्थिति में भी नहीं थे।
छात्रों को छुड़ाने के लिए आ रहे बड़े लोगों के कॉल
छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए चार छात्र हिरासत में लिए हैं। उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस पर काफी दबाव बनाया जा रहा है। दूसरे राज्यों के माननीयों और पुलिस अधिकारियों तक के कॉल पुलिस के पास आ रहे हैं। स्थानीय नेता भी कॉल कर रहे हैं।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
पुलिस ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को छात्र का लखनऊ में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दूसरी ओर पुलिस ने सवालों के जवाब तलाशने शुरू कर दिए हैं। बताते हैं कि कुशाग्र का दूसरे राज्य की एक छात्रा से कॉल पर बात होती थी। इस बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। फर्जी हस्ताक्षर का बिंदु भी जांच का विषय बन गया है। पुलिस के अनुसार, कुशाग्र जरूरत के हिसाब से साथियों को रुपये उधार देता था, जो मिल भी जाते थे।
अंतिम सांस तक लड़ेंगे, छोड़ेंगे नहीं
इकलौते बेटे की मौत से अजय पूरी तरह से टूट गए हैं। भतीजों ने उन्हें संभाला। भतीजे सूरज ने बताया कि मामले को लेकर अंतिम सांस तक लड़ेंगे। वह किसी को छोड़ेंगे नहीं। घटना में कॉलेज और प्राचार्य ने पूरी तरह से हाथ खड़े कर दिए हैं। कदम-कदम पर फीस वसूलने वाले लोग गायब हैं। कोई बात करने तक के लिए तैयार नहीं है। रात की ड्यूटी पर तैनात गार्डों को भी छुट्टी पर भेज दिया गया।