यूपी: छपरा-दिल्ली के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा रेलवे, बरेली होकर गुजरेंगी
यात्रियों के बढ़ते दबाव के बीच रेलवे ने छपरा दिल्ली के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें बरेली जंक्शन होकर गुजरेंगी। इनका संचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा।
विस्तार
त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। छपरा से दिल्ली और छपरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ये ट्रेनें बरेली जंक्शन होकर गुजरेंगी। दोनों ट्रेनों का संचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा। इससे बरेली समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली और पूर्वांचल की ओर आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
मुरादाबाद मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 05071/05072 छपरा-दिल्ली-छपरा स्पेशल 17 नवंबर को छपरा से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन 18 नवंबर को दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 18 नवंबर को दिल्ली से चलकर 19 नवंबर को छपरा पहुंचेगी। छपरा से चलने वाली ट्रेन बरेली जंक्शन पर 11:08 बजे पहुंचेगी और 11:10 बजे रवाना होगी। वापसी में दिल्ली से आने वाली ट्रेन बरेली में रात 1:38 बजे पहुंचेगी और 1:40 बजे रवाना होगी।
कई स्टेशनों पर होगी ठहराव
इसी तरह ट्रेन संख्या 05073/05074 छपरा-नई दिल्ली-छपरा स्पेशल का संचालन 18 और 19 नवंबर को किया जाएगा। 18 नवंबर को छपरा से रवाना होकर ट्रेन 19 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 19 नवंबर को नई दिल्ली से चलकर 20 नवंबर को छपरा पहुंचेगी। यह ट्रेन बरेली जंक्शन पर 14:08 बजे पहुंचेगी और 14:10 बजे रवाना होगी। वापसी में नई दिल्ली से आने वाली ट्रेन रात 4:38 बजे बरेली पहुंचेगी और 4:40 बजे रवाना होगी। दोनों स्पेशल ट्रेनों का ठहराव मुरादाबाद मंडल के बरेली समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।
इनमें सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद प्रमुख हैं। ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन के समय और अन्य अपडेट के लिए एनटीईएस वेबसाइट देखने अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी है। इस संबंध में सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनें बरेली होकर गुजरेंगीं। बरेली समेत आसपास के अन्य जिलों में भी इन ट्रेनों का ठहराव होगा।