बरेली में भारी बारिश: नाले चोक, सड़कें डूबीं, पॉश इलाके भी हुए जलमग्न; ट्रैक्टर पर सवार होकर निकले अफसर
बरेली में रविवार को बारिश ने नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी। भारी बारिश से नाले उफना गए। सड़कें पानी से लबालब हो गईं। शहर के निचले इलाकों से लेकर पॉश इलाकों में भी जलभराव हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई प्रमुख मार्ग और निचले इलाके जलमग्न हो गए। इससे लोगों को आवागमन में मुसीबत झेलनी पड़ी। मलूकपुर में दो पहिया वाहन बहते देखे गए। दो बच्चों को बहते हुए देख लोगों ने बचा लिया। अफसर ट्रैक्टर पर सवार होकर हालात का जायजा लेते रहे। इसके बाद रात में भी मूसलाधार बारिश हुई, जिससे हालात और खराब हो गए।
सुभाषनगर पुलिया पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। आरपीएफ कॉलोनी निवासी सुभाष शर्मा व सौरभ ने बताया कि बारिश के दौरान यहां हर बार जलभराव होता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
किला रोड पर भी कई स्थानों पर जलभराव हुआ। बाइक से बच्चों के साथ जा रहा व्यक्ति मलूकपुर नाले में गिर गया। उसके दोनों बच्चे बहने लगे तो आसपास के लोगों की मदद से उनको निकाला गया। बाइक बह गई।
शहर के विकास भवन, चौकी चौराहा, पटेल चौक मार्ग भी जलमग्न रहे। कालीबाड़ी समेत अन्य स्थानों पर नालियां व नाले ओवरफ्लो होने लगे। इससे लोगों के घरों व दुकानों के आसपास भी पानी पहुंच गया।
पॉश इलाके रामपुर गार्डन, स्टेडियम रोड पर रेजीडेंसी गार्डेन कॉलोनी, कोहाड़ापीर स्थित लल्ला मार्केट के प्राचीन भैरो बाबा मंदिर और धर्मकांटा के पास भी जलभराव से आवागमन बाधित रहा।
रेजिडेंसी गार्डेन कॉलोनी में नगर निगम के चार मोटरों में से कोई भी काम नहीं कर रहा था। ठेकेदार से शिकायत के बावजूद निस्तारण नहीं हुआ। जानकारी होने पर नगर आयुक्त ट्रैक्टर पर बैठकर वहां पहुंचे। उन्होंने स्टाफ से ज्यादा पावर का मोटर लगवाने के लिए कहा।
जलभराव ने एक बार फिर साबित किया कि बारिश से पहले नालों के नाम पर बजट की सफाई हुई थी। निगम ने 213 नालों की सफाई के लिए पांच करोड़ रुपये जारी किए थे। विभाग का दावा है कि सौ फीसदी नालों की सफाई हो गई। इसके बाद जलभराव ने सफाई व्यवस्था व जलनिकासी के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज बारिश के कारण रविवार को पुराना शहर स्थित कांकर टोला में कब्रिस्तान की दीवार गिर गई। स्थानीय दुकानदार बाबर ने बताया कि दोपहर दो बजे यह हादसा हुआ। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार बाल-बाल बचा। दीवार गिरने के बाद मलबा सड़क पर बिखरने से आवागमन बाधित हो गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.