दिवाली पर दीपों से मिटा अंधेरा: बरेली में सतरंगी रोशनी से जगमग हुई अमावस की रात, आतिशबाजी से चमका आकाश
बरेली में रोशनी का पर्व रविवार को शहरभर में धूमधाम से मनाया गया। अमावस की रात सतरंगी रोशनी से जगमग हुई तो आसमान आतिशबाजी से चमक उठा। दीपों की कतार और रंग-बिरंगी झालरों से चहुंओर रौनक छाई रही। शुभ मुहूर्त में घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में विधि-विधान के साथ धन की देवी मां लक्ष्मी, विघ्नहर्ता भगवान गणेश और भगवान कुबेर की पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने घरों की मुंडेर और द्वार पर दीपक जलाकर खुशियां मनाईं। मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।
दीप पर्व पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रामपुर गार्डन, डीडीपुरम और राजेंद्रनगर जैसे पॉश इलाकों में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर, श्री बांके बिहारी मंदिर, रामायण मंदिर और प्रेमनगर के प्रसिद्ध त्रिवटीनाथ मंदिर सहित शहर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में विशेष पूजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।