दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामला: गोल्डी बराड़ गैंग के चार गुर्गों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, दो आरोपी नाबालिग
बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। इनमें दो आरोपी नाबालिग हैं। ये दोनों दिल्ली के बाल सुधार केंद्र में हैं। दो आरोपी बरेली जिला जेल में बंद हैं।
विस्तार
अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली शहर स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। कुल छह आरोपियों पर आरोप तय हुआ था, जिनमें से गोल्डी बराड़ गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ में ढेर किया जा चुका है। जिन चार आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की गई है, इनमें दो नाबालिग आरोपी दिल्ली के बाल सुधार केंद्र में तो दो बरेली जिला जेल में बंद हैं।
11 व 12 सितंबर 2025 को अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली चौपुला चौराहा स्थित आवास पर फायरिंग की गई थी। यहां दिशा के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, बहन खुशबू पाटनी व मां रहते हैं। घटना के बाद रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हीं के लोगों ने यह फायरिंग की है। उन्होंने खुशबू पाटनी के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के सहमति संबंध वाले बयान व प्रेमानंद महाराज को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। यह भी कहा था कि हमारे सनातन धर्म के गुरुओं और कथावाचकों का अपमान किसी कीमत पर नहीं सहा जाएगा।
गाजियाबाद में मारे गए थे दो शूटर
मामले को प्रदेश की योगी सरकार ने चुनौती के रूप में लिया था। एसएसपी अनुराग आर्य ने बदमाशों की स्थानीय फुटेज और यहां से भागने की लोकेशन जुटवाई और एसटीएफ से इनपुट साझा किया। तब एसटीएफ ने दिल्ली व हरियाणा पुलिस के साथ दो शूटरों रोहतक निवासी रविंद्र और सोनीपत निवासी अरुण को गाजियाबाद में ढेर कर दिया। बाद में बरेली में दो शूटर राजस्थान के रामनिवास और सोनीपत निवासी अनिल गिरफ्तार किए गए। दो नाबालिग गुर्गों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई है। उसमें इन पर फायरिंग करने, रेकी करने जैसे आरोप है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस ने दिल्ली बाल सुधार केंद्र में बंद दो नाबालिग आरोपियों सहित रामनिवास और अनिल के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। दोनों नाबालिगों के मामले में कार्रवाई बरेली के ही जेजे कोर्ट में अलग से चलेगी।