फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Women on the streets against liquor contracts in Izatnagar

इज्जतनगर में शराब ठेके के खिलाफ महिलाएं सड़कों पर

Fri, 07 Aug 2020 02:20 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Fri, 07 Aug 2020 02:20 AM IST
सार

छोटे कप्तान की सख्ती ने राजेंद्र नगर में लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। यहां डाक्टरों से लेकर नौकरीपेशा तक घरों की दहलीज लांघने से कतराते रहे। किसी को दवा खरीदने जाना था तो किसी को काम धंधे से बाहर निकलना था। लेकिन पुलिस बदसलूकी के डर से लोग घरों से नहीं निकले। दो दिन पहले एसपी सिटी ने कामधंधे से निकले लोगों को कालोनी में घुसने से रोक दिया था। कई लोगों ने एसपी सिटी पर बदसलूकी करने के भी आरोप लगाए थे। अब यहां डर का माहौल है। साथ ही पुलिस के बड़े अधिकारी के दुर्व्यवहार से लोगों में गुस्सा भी है। वही शहर के दूसरे इलाके इज्जतनगर में गुरुवार को शराब की दुकान का लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। कालोनी गेट पर मंदिर से 20 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में शिव एस्टेट कालोनी की महिलाएं सड़कों पर उतर आईं और हंगामा किया। दोनों मामलों में पुलिस की किरकिरी हो रही है।
 

विज्ञापन
Women on the streets against liquor contracts in Izatnagar
नाराज लोगों से बात करते पुलिस वाले। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

विस्तार

बरेली। शहर की पॉश कॉलोनी राजेंद्र नगर के कंटेन्मेंट जोन में एसपी सिटी के लोगों से दुर्व्यवहार करने से लोगों में गुस्सा है। पब्लिक का कहना है कि सख्ती के नाम पर पुलिस बदसलूकी करने से तो नहीं चूक रही लेकिन दूसरी तरफ कंटेनमेंट जोन को दी जाने वाली सुविधाओं पर किसी अफसर का ध्यान नहीं है। डब्ल्यूएचओ के मानकों के तहत सिर्फ कोविड प्रभावित क्षेत्र को सील करने के बजाए पूरे इलाके को सील करने पर भी लोगों ने एतराज जताया है। पुलिस बदसलूकी के डर से गुरुवार को लोग जरूरी कामों से भी घर से बाहर नहीं निकले। यहां रहने वाले डाक्टरों और नौकरीपेशा को भी देर शाम घर लौटते समय एसपी सिटी ने दो दिन पहले कालोनी के गेट पर रोक लिया था। इसे लेकर स्थानीय लोगों की एसपी सिटी से तकरार भी हुई थी। गुरुवार को भी यहां पुलिस का यही मिजाज दिखा। हालांकि सिलेक्शन प्वाइंट से शील चौराहे तक बैरिकेडिंग को छोटा कर दिया गया है। दूसरी तरफ डीडीपुरम चौराहे तक बंद किया गया है।

विज्ञापन

कई कोरोना संक्रमित मिलने के बाद राजेंद्र नगर को हॉटस्पाट घोषित करने के साथ ही सारे रास्ते सील कर दिए गए थे। सिलेक्शन प्वाइंट चौराहे से लेकर डेलापीर चौराहे और फिर आईवीआरआई अंडरपास तक एक तरफ प्रेमनगर क्षेत्र का पूरा इलाका सील किया गया था। ऐसे में अस्पताल और जरूरी काम से जाने वाले लोगों को पुलिस की सख्ती से आवाजाही में परेशान हो रही थी। बुधवार को इलाके में चेकिंग करने पहुंचे एसपी सिटी ने बैरियर बंद करा दिए थे। उन्होंने शाम को कामकाज से घर लौट रहे लोगों को कालोनी में घुसने से रोक दिया था। इनमें कुछ डाक्टर और नौकरीपेशा भी थे। लोगों से उनकी नोकझोंक भी हो गई थी। गुरुवार को राजेंद्र नगर मेन रोड का एक तरफ का रास्ता खोल दिया गया। वहीं अब तक खुली मेन रोड की सर्विस लेन को अब बंद कर दिया गया है। सिलेक्शन प्वाइंट चौराहे से एटीएम वाली साइड और शील चौराहे पर गुरुद्वारे वाली साइड खोल दी गई है। यहां लगी बैरिकेडिंग को छोटा कर दिया गया है। सिर्फ एक ही वाहन यहां से एक बार में गुजर पा रहा है।

विज्ञापन

कई कॉलोनियों के लिए एक ही रास्ता

राजेंद्रनगर में बृहस्पतिवार को खोले गए एक रास्ते पर आसपास की कई कॉलोनियों के लोगों के आवागमन का दबाव है। सिलेक्शन प्वाइंट चौराहे से डेलापीर चौराहे तक एक तरफ से सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इससे यहां की कॉलोनियों के सभी लोगों को सिलेक्शन प्वाइंट चौराहे से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं डेलापीर चौराहे से आईवीआरआई अंडरपास तक एक तरफ के सभी रास्ते बंद हैं। यहां के लोग भी घूम फिरकर यहीं से इलाके के बाहर जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

दूध-ब्रेड और कैश के लिए भी लोग परेशान

राजेंद्र नगर इलाके को हॉटस्पाट बनाकर सील करने के बाद वहां के लोगों को दूध-ब्रेड के साथ ही कैश निकालने में भी समस्या आ रही है। लोगों के मुताबिक इलाके की बैंकें बंद हैं। सब्जी बेचने वाले मनमाने दामों में बिक्री कर रहे हैं। दैनिक जरूरतों की चीजें भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। पुलिस भी बाहर निकलने पर सीधे चालान काट दे रही है।

प्रशासन ने छोटे हॉटस्पॉट बनाने के बजाय बहुत बड़े इलाके को सील कर दिया है। इससे दुश्वारियां बढ़ी हैं। प्रशासन अगर अंदर ही सारी सहूलियत दे तो 80 फीसदी लोग बाहर नहीं जाएंगे। मजबूरी में जब लोग बाहर जाते हैं तो उन्हें परेशान किया जाता है। कंटेनमेंट जोन में कायदे से सैनिटाइजर स्प्रे, सफाई, कोरोना सैंपल के काम कराए जाने चाहिए, इनकी बजाय पुलिस का जोर संभ्रांत लोगों को हड़काने पर है। - संजय अरोड़ा, व्यापारी नेता
पूरा इलाका सील होने से लोग परेशान हैं। बैंक बंद होने से व्यापारिक गतिविधियों में भी समस्याएं आ रही हैं। रोजमर्रा का सामान भी दुकानें बंद होने के कारण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। न ही होम डिलीवरी के लिए कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वाहन निकलने पर पुलिस सख्ती करके लोगों को परेशान कर रही है। - मनमोहन अत्री, व्यापारी
जरूरी काम के लिए भी आने जाने में परेशानी हो रही है। पुलिस जरूरत के ज्यादा सख्ती करके परेशान कर रही है। रोजमर्रा की जरूरत का सामान भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बैंक बंद होने व एटीएम खाली होने से काफी समस्या हैं। इलाके में होम डिलीवरी की भी कोई सुविधा नहीं है। - रतना आहूजा, व्यापारी
कम से कम मुख्य मार्ग पर आवागमन बना रहना चाहिए। राजेंद्रनगर क्षेत्र में व्यापारी वर्ग ज्यादा है। आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। पुलिस जबरन परेशान करती है। प्रशासन हस्तक्षेप करे।
- विनोद ग्रोवर, कारोबारी
लॉकडाउन से कारोबारी और कारोबार पहले से ठप है। अब हॉटस्पॉट क्षेत्र में व्यापारियों का आवागमन भी प्रभावित है। पुलिस अक्सर परेशान करती है। जरूरी कामकाज वालों लोगों पर रोक नहीं लगाई जाए। - नरेंद्र गुप्ता पप्पू, व्यापारी
राजेंद्रनगर क्षेत्र में पुलिस ज्यादा परेशान कर रही है। आने जाने वालों से दुर्व्यवहार हो रहा है। दवाओं आदि खरीदने वालों को बख्शा नहीं जा रहा है। कारोबारियों से कहा जा रहा है कि लौटना नहीं दुकान में सो जाना। - दुर्गेश खटवानी, दवा कारोबारी
राजेंद्रनगर में सभी ऐसे लोग रहते हैं जो कि कोरोना बचाव और प्रभाव बेहतर तरीके से जानते हैं। मरीजों से भी अभ्रदता हो रही है। पुलिस व्यवहार बेहद खराब है इस पर रोक लगे। - केबी सूरी, मिशन हैप्पीनेस
हम सभी कोरोना आपदा से परिचित हैं और बचाव भी करते हैं। प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व्यवस्था की है। दुकान जाने आने के लिए रोका जाएगा तो कारोबार कैसे होगा। सभ्य लोगों से पुलिस अभद्र व्यवहार कर रही है। - हरदीप सिंह बंटी, कारोबारी

राजेंद्रनगर में फिर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहां तमाम लोग हॉटस्पॉट नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। बेवजह आवागमन पर पुलिस रोकती है। लोगों सहयोग करना चाहिए, नियमों में कोई छूट नहीं दी जाएगी।- नीतीश कुमार, डीएम

शिव एस्टेट में मंदिर के पास खुली शराब की दुकान, विरोध में सड़कों पर उतरीं महिलाएं

बरेली। इज्जत नगर क्षेत्र में स्थित शिव एस्टेट कालोनी के गेट पर करीब दस दिन पहले खुली देसी शराब की दुकान के विरोध में गुरुवार को कालोनी की महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि शराब की दुकान से कुछ दूरी पर मंदिर है। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान खुलने के बाद कालोनी के गेट से लेकर अंदर तक शराबियों का जमघट रहता है, ऐसे में उनका घरों से निकलना दूभर हो गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि नशे में धुत लोग महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील फब्तियां कसते हैं। महिलाओं ने शराब की दुकान को तुरंत कालोनी से शिफ्ट करने की मांग की। दुकान के सेल्समैन की सूचना पर पहुंची इज्जत नगर पुलिस ने महिलाओं को चेताया कि प्रदर्शन के नाम पर शराब की दुकान में तोड़फोड़ या सेल्समैन से मारपीट की तो सख्त कार्रवाई होगी।
शिव एस्टेट कॉलोनी में महिला समिति की ओर से डॉ. अविषेक विश्वास के नेतृत्व में यह प्रदर्श किया गया। काफी संख्या में महिलाएं यहां जुटी। लोगों का कहना था कि सप्ताह भर पहले यह दुकान क़ॉलोनी के गेट से दस मीटर दूर किराये की दुकान में खोल दी गई है। यह शराब दुकान दुर्गा देवी मंदिर से केवल 40 मीटर दूर है तो आवासीय क्षेत्र से 15 मीटर दूर है। आसपास कई कॉलोनी और व्यावसायिक परिसर भी हैं। यहां मंदिर की वजह से महिलाओं व स्कूलों की वजह से छात्र छात्राओं का आवागमन लगा रहता है। शराबी यहां खड़े रहते हैं तो पार्किंग की सुविधा न होने से शौकीनों के वाहन यहां सड़क पर ही रहते हैं। डॉ. विश्वास का कहना था कि वह लोग शराब की दुकान हटवाकर ही दम लेंगे। सूचना पर बैरियर वन चौकी प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों से बात की। कहा कि प्रदर्शन समस्या का हल नहीं है। वह लोग जिला प्रशासन या संबंधित आबकारी विभाग से लिखित में वैध तरीके से शिकायत करें तो सुनवाई होगी। पुलिस दुकान को बंद नहीं करा सकती। पुलिस ने तोड़फोड़ करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी धरना खत्म करने को राजी हो गए।

सुनवाई न हुई तो हाईकोर्ट जाएंगे

 प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे डॉ. विश्वास ने बताया कि वह लोग सप्ताह भर से परेशान हैं। दुकान संचालक से भी बात कर चुके हैं पर निस्तारण नहीं हो सका। शुक्रवार को कालोनी के लोग इकट्ठा होकर, कमिश्नर और डीआईजी के साथ ही डीएम व एसएसपी से भी मिलेंगे और अपनी शिकायत रखेंगे। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो हाईकोर्ट में रिट दाखिल करेंगे।

ऐसे तो कालोनी से निकलना मुश्किल हो जाएगा: निवेदिता

कालोनी में रहने वाली शिक्षिका निवेदिता भट्टाचार्या ने बताया कि हर समय शराबियों के घूमने से कालोनी से निकलना मुश्किल हो जाएगा। प्रशासन को चाहिए कि राजस्व बढ़ाने के लिए ऐसी जगह दुकान खुलवाए जहां रिहायश न हो।
अब तो अकेले निकलने में भी डर लगता है: नोमिता
गृहणी नोमिता ने बताया कि अभी तक अकेले कहीं भी चले जाओ, लेकिन अब हर समय डर लगा रहा है। ऐसे में रात में भी घरों में चोरियों की आशंका बढ़ गई है। दुकान को अन्यत्र शिफ्ट कराया जाए।


शराब की दुकान आबकारी विभाग के मानकों के अनुरूप खोली गई है। दुकान खुलवाने या बंद कराने में पुलिस हस्तक्षेप नहीं करेगी। - केके वर्मा, इंस्पेक्टर, थाना इज्जतनगर

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed