बरेली: तीन दशक से बदहाल ढकिया डैम, नहर सूखी, सिंचाई के लिए नहीं मिल पा रहा पानी
बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र में कुल्ली नदी पर बना ढकिया डैम तीन दशक से बदहाल है। इसके फाटक टूटे होने से हजारों किसानों को 25 किलोमीटर लंबी नहर से सिंचाई का पानी नहीं मिल पा रहा है। यह डैम कभी दर्जनों गांवों के खेतों की सिंचाई का साधन था।
विस्तार
बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र में कुल्ली नदी पर बना ढकिया डैम तीन दशक से मरम्मत की बाट जोह रहा है। कभी दर्जनों गांवों के हजारों किसानों के खेतों की सिंचाई का प्रमुख साधन रहा यह डैम अब बदहाली का शिकार है। डैम के फाटक टूटे पड़े हैं और पानी लगातार नीचे बह रहा है। इसके चलते करीब 25 किलोमीटर लंबी नहर से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं, नहर की जमीनों पर जगह-जगह अवैध कब्जे होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
अंग्रेजी शासनकाल में किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए बनाए गए इस डैम से सहोड़ा, बसई, सुल्तानपुर, गणेशपुर, दुनका, आनंदपुर, अक्सौरा, फिदाईपुर, परतापुर, औरंगाबाद, रास, मोहनपुर और धनेली समेत दर्जनों गांवों के हजारों एकड़ खेतों की सिंचाई होती थी। किसान नहर के पानी से कम लागत में फसलें तैयार करते थे, लेकिन रखरखाव और मरम्मत के अभाव में यह व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
किसानों ने की ये मांग
किसानों का कहना है कि यदि डैम के फाटकों की मरम्मत कराकर नहरों में पानी छोड़ा जाए तो उन्हें सिंचाई के लिए महंगे संसाधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ग्राम प्रशासक सतीश चंद्र गंगवार, अफसर अहमद, इमदाद अहमद, शिशुपाल सिंह और किशनलाल समेत दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी से डैम की मरम्मत कराने और नहर की जमीनों से अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला ने बताया कि ढकिया डैम की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित सिंचाई विभाग से डैम की स्थिति और मरम्मत के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके।
