UP News: बरेली में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले- सपा नमाजवादी पार्टी, कांग्रेस पुरानी वोट चोर
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी नमाजवादी और परिवारवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। सपा के अहंकार को चकनाचूर करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा को नमाजवादी पार्टी बताया और कांग्रेस को वोट चोर वाली पुरानी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि 2017 से भी बड़ी विजय 2027 में पाएंगे और यूपी में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि सपा का जो अहंकार लोकसभा चुनाव के समय पैदा हुआ, उसे जनता चकनाचूर करेगी। लोकसभा चुनाव-2024 के बाद से भाजपा हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार में भी चुनाव जीत चुकी है। आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भी उन्होंने कमल खिलने की बात कही।
उप मुख्यमंत्री बुधवार को बदायूं में समीक्षा कर बरेली लौटे थे। वह सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने वोट चोर के मुद्दे पर कहा कि जब सरदार पटेल के नाम पर 15 में 14 वोट मिले थे, जिसमें वोट चोरी कर कांग्रेस ने पं. जवाहर लाल नेहरू को पहला अंतरिम सरकार का प्रधानमंत्री बनाया था। वोट चोरी करके ही इंदिरा गांधी रायबरेली से चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बनी थीं और जब कोर्ट ने उनका चुनाव रद्द कर दिया तो उन्होंने देश में आपातकाल लगा दिया था। उन्होंने सपा पर भी हमला बोला और उसे नमाजवादी पार्टी बताया। कहा कि लाल टोपी वाले अब बरेली में नहीं दिख रहे हैं, पहले बहुत उछल कूद करते थे। इन्हें हैसियत में लाया गया है।
वंदेमातरम पर विपक्ष का नकारात्मक रुख
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के लोगों ने सोच रखा था कि पार्टी मुखिया के रिश्तेदार तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बन जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी देश की संसद में वंदेमातरम की 150वीं वर्षगांठ होने पर सारगर्भित चर्चा होनी थी। इसमें कांग्रेस-सपा जैसे विपक्षियों का रुख बहुत ही नकारात्मक रहा। भाजपा वंदेमातरम का गान करती थी, करती है और सदैव करती रहेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी मतदाता सूची के शुद्धीकरण अभियान से बौखलाए हैं। ये लोग घुसपैठियों का अपना रिश्तेदार मानकर बचाना चाहते हैं। बूथ लूटकर यह लोग विधानसभा चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का मतलब है कि पात्रों का नाम जुड़ जाए और अपात्रों का नाम मतदाता सूची से हट जाए और जो घुसपैठिया है, उसका नाम मतदाता सूची से ही नहीं बल्कि उसे देश से निकाल दिया जाए।
सपा का सूर्य अस्त होने वाला, ये सैफई जाने वाले हैं...
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव जब वर्ष 2012 से 2017 तक मुख्यमंत्री थे तो सिमी के आतंकियों के मुकदमे वापस लिए और इनके चच्चा मो. आजम खां भारत माता को डायन कहने का पाप करते थे। बाबा साहब डॉ. आंबेडकर का अपमान करते थे। सपा के लोग मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले लोग हैं, इनका सूर्य अस्त होने वाला है यह सब सैफई जाने वाले हैं। परिवारवाद की राजनीति का अंत शुरू हो गया है।
महापौर के घर जाकर दी शुभकामना
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद महापाैर उमेश गौतम के आवास पहुंचे। उनके पुत्र और पुत्रवधू को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बीजेपी नेता डॉ. दीप्ति भारद्वाज के सिंधु नगर स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी मां के निधन पर शोक जताया। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के विवाह के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए।