Bareilly News: तीन बार थाने आया था डिलीवरी बॉय, बाइक नहीं मिली तो खुद को लगाई आग; दरोगा निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली के बारादरी थाने के सामने मंगलवार रात आत्मदाह की कोशिश करने वाला डिलीवरी बॉय अक्षय कुमार अपनी बाइक पाने के लिए थाने के तीन चक्कर लगा चुका था, पर जिम्मेदारों ने उसकी एक न सुनी। बाइक ही उसकी रोजी-रोटी का जरिया थी। ऐसे में हताश होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच के बाद बुधवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने हेल्प डेस्क पर तैनात दरोगा सुरेंद्र कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया।
फतेहगंज पश्चिमी निवासी अक्षय कुमार सोमवार रात गंगापुर में डिलीवरी देने आया था। यहां से उसकी बाइक लेकर एक युवक भागने लगा। अक्षय ने पीछा किया तो बाइक लेकर भाग रहा आरोपी दूसरी बाइक से टकरा गया था। पुलिस दोनों बाइकों को थाने ले आई थी। अक्षय ने अपनी बाइक के लिए तीन बार थाने का चक्कर लगाया। हेल्प डेस्क पर तैनात दरोगा सुरेंद्र कुमार शर्मा से मिला, लेकिन उन्होंने उदासीनता बरती। इससे नाराज होकर अक्षय ने मंगलवार रात थाने के सामने खुद के ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले के सीसी फुटेज खंगाले गए तो दरोगा की लापरवाही सामने आई। इसके बाद एसएसपी ने लापरवाही के आरोप में उसे निलंबित कर दिया।
बारादरी पुलिस ने दर्ज की दो रिपोर्ट
बारादरी पुलिस ने मामले में दो रिपोर्ट दर्ज की हैं। एक रिपोर्ट अक्षय कुमार की ओर से दर्ज की गई है। इसमें अक्षय कुमार ने पुलिस को बताया है कि वह फतेहगंज पश्चिमी में ब्लॉक कार्यालय के पीछे रहता है। बरेली में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह गंगापुर में डिलीवरी देने आया था। बाइक में चाबी लगी छोड़ गया था। वापस आया तो उसकी बाइक एक नशेड़ी लेकर जा रहा था। अक्षय ने पीछा किया तो नशेड़ी ने उसकी बाइक से सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
दूसरी रिपोर्ट माधोबाड़ी निवासी आकाश की ओर से दर्ज की गई है। इसमें आकाश ने पुलिस को बताया है कि सोमवार रात उसके चाचा चंद्रसेन अपनी बाइक से किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही बाइक ने उनके चाचा की बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गए। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है।