{"_id":"5f31b1da8ebc3e3cd309fd9b","slug":"ddipuram-market-opened-people-in-rajendra-nagar-are-still-under-the-shadow-of-restrictionsddipuram-market-opened-people-in-rajendra-nagar-are-still-under-the-shadow-of-restrictions-bareilly-news-bly415808833","type":"story","status":"publish","title_hn":"डीडीपुरम बाजार खोला, राजेंद्र नगर वाले अभी बंदिशों के साये में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डीडीपुरम बाजार खोला, राजेंद्र नगर वाले अभी बंदिशों के साये में
विज्ञापन
बरेली के राजेंद्र नगर क्षेत्र में रिक्शे पर सब्जी बेचता एक युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
स्थानीय लोग, व्यापारी और मरीजों के तीमारदार परेशान, रास्ते बंद करने पर नरम हुए पुलिस के तेवर
विज्ञापन
बरेली। कंटेनमेंट जोन बनाए गए राजेंद्र नगर को बंदिशों से मुक्ति मिलने का रास्ता बन रहा है। यहां सोमवार को डीडीपुरम इलाके का बाजार खोल दिया गया। मॉडल रोड की एक साइड लेन और आईवीआरआई रोड पर ही पूरे राजेंद्र नगर के लोगों का आवागमन है। जिससे जाम लगता है। जिसकी वजह से सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ती हैं। स्थानीय लोगों को सब्जी व जरूरी सामान लेने में समस्या आ रही है तो मरीजों के तीमारदार भी चक्कर काटकर पहुंचते हैं। राजेंद्र नगर के बाकी हिस्से को किश्तों में खोलने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मंत्रणा कर रहे हैं। सोमवार को अमर उजाला की टीम ने कॉलोनी का हाल देखा तो यहां कई तरह की दुश्वारियां नजर आईं।
विज्ञापन
कई रास्तों से भटककर अस्पताल पहुंच रहे मरीज
राजेंद्र नगर के अंदर अस्पतालों को सामाजिक दूरी का पालन करने की हिदायत देते हुए खोला गया है। यहां आने जाने वाले मरीजों और तीमारदारों के सामने विषम समस्या है। शीशगढ़ से अपनी भांजी की डिलीवरी कराने निजी अस्पताल आए लाल सिंह का कहना था कि कॉलोनी के कई कोनों पर चक्कर लगाने के बाद एक रास्ता खुला मिला। इसी से अंदर आए। कहा कि भांजी को प्रसव पीड़ा होने पर दवा दिलाकर ही शहर को चले थे। बिना दवा दिलाए आते तो जाने क्या होता। बुजुर्ग और ज्यादा बीमार तो और सजा भुगत रहे होंगे। पीलीभीत से रिसौली का इलाज कराने आई नीलम ने भी यही बात कही।
विज्ञापन
सब्जी लेने आना पड़ रहा डेढ़ किमी
राजेंद्र नगर निवासी वृद्धा आशा का कहना है कि वह सब्जी लेने अब एक से डेढ़ किमी का चक्कर लगाकर आ पाती हैं। गली में एकाध ही सब्जी वाला जाता है। कई बार उस पर सब्जी अच्छी नहीं होती तो कई बार वह दाम मुंहमांगे लेता है। जरूरत का काफी सामान होम डिलीवरी वालों के पास भी नहीं मिलता। वह दुआ कर रही हैं कि जल्दी से यह बंदिशें खत्म हों।
विज्ञापन
पुलिस कभी डराती है तो कभी डंडे बजाती है
सब्जी विक्रेता राजेश साहू सील इलाके में ठेले पर सब्जी बेचते मिले। बताया कि रात दो बजे उन्हें सब्जी लेने डेलापीर मंडी जाना पड़ता है। तब पुलिस उन्हें रास्ते में कई जगह रोकती और टोकती है। दिन में गलियों में नजर आने पर पुलिस डंडे मारकर भगा देती है। ऐसे में धंधा करना मुश्किल हो गया है। यहां के लोग खुद ही शिक्षित हैं जो भीड़भाड़ नहीं लगाते। हॉटस्पॉट खत्म हो तो उन्हें राहत मिले।आज खुल जाए बाजार तो त्योहार और कारोबार हो जाए
व्यापारी नेता संजय अरोड़ा ने कहा कि शहर के सारे बाजार खुल गए हैं। राजेंद्र नगर ही बंद रखा गया है। जबकि यह शहर का सर्वाधिक पॉश इलाका है और लोग नियम कायदे भी मानते हैं। बताया कि डीडीपुरम के खुलने से भला नहीं हो रहा। पूरे राजेंद्र नगर को खोलना चाहिए। बुधवार को जन्माष्टमी है। मंगलवार को बाजार खुल जाए तो लोग आराम से त्योहार कर लें और व्यापारी अपना कारोबार। कॉलोनी के सारे रास्ते बंद होने से और तनाव फैल रहा है। कई लोगों को दो किमी फिजूल का चक्कर लगाकर अपने घर पहुंचना होता है। मॉडल रोड पर पूरा रोड बंद कर एक साइड लेन से आवागमन हो रहा है। इसीलिए यहां जाम लगता है और लोग एक दूसरे से सटकर निकलते हैं जो संक्रमण बढ़ाने का काम करता है। दूसरी साइडलेन भी खुली हो तो समस्या दूर हो सकती है।अब सौ मीटर ही दायरा, बड़ा इलाका सील करने पर पाबंदी
साड़ी व्यवसायी तरुण साहनी बताते हैं कि प्रधानमंत्री ने साफ कह दिया है कि बहुत बड़े इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाना सही नहीं है। केस मिलने पर घर से सौ मीटर के दायरे को सील कर दिया जाए। राजेंद्र नगर में शायद सरकार के कानून लागू ही नहीं होते। रामजानकी मंदिर के पास नया हॉटस्पॉट बनाने के बाद भी मंदिर को खोला गया है। कई और मंदिर खुले हैं तो फिर राजेंद्र नगर में ही सख्ती क्यों बरती जा रही है। स्थानीय लोग काफी समझदार हैं। पूरा राजेंद्र नगर बंद करने की तुक नहीं थी। किया भी है तो कुछ सहूलियतें दी जानी चाहिए। व्यापारी भी भीड़ नहीं लगाएंगे।पार्षद बोले- रास्ते बंद होने के अलावा कोई दिक्कत नहीं
स्थानीय पार्षद सतीश कातिब मम्मा ने बताया कि रास्ते बंद होने के अलावा राजेंद्र नगर के लोगों को कोई दिक्कत नहीं है। यहां होम डिलीवरी से जरूरत की हर चीज उपलब्ध है। डीडीपुरम खुल गया है। बाकी हिस्सा भी जल्दी खुल जाएगा। पुलिस भी खास सख्ती नहीं कर रही है।बांस बल्ली का इंतजाम पार्षद और समाजसेवियों के भरोसे
कंटेनमेंट जोन बनने के बाद अधिकांश इलाकों को बांस बल्ली लगाकर बंद किया गया है। जहां बल्ली नहीं मिली वहां पेड़ों की टहनियां और झाड़ियां काटकर लगाई हैं। पुलिस के मुताबिक फिलहाल इस व्यवस्था का कोई बजट जारी नहीं हुआ है। पार्षद व स्थानीय लोगों की मदद से कुछ खरीदकर तो कुछ किराये पर लाकर इंतजाम किया जा रहा है।मॉडल टाउन और सुभाष नगर खुले
पूरा समय होने के बाद मॉडल टाउन के हॉटस्पॉट को सोमवार को खोल दिया गया। इससे पहले सुभाष नगर का हॉटस्पॉट खोला जा चुका है। फिलहाल राजेंद्र नगर और बिहारीपुर हॉटस्पॉट अभी नहीं खुला है। इसे खोलने की कवायद चल रही है। राजेंद्र नगर के लोगों को इस बात से भी समस्या है कि बाकी हॉटस्पॉट खोले जा रहे हैं पर उनका नहीं खुल रहा।समीक्षा करके खोलेंगे एक-एक हिस्सा, लोग सब्र करें: सीओ सिटी
कोरोना के बहुत सारे केस राजेंद्र नगर में मिलने पर वहां कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। शासन के निर्देशानुसार यहां केवल स्वास्थ्य, नगर निगम, राजस्व विभाग व पुलिस के लोग आवश्यक सेवा के कार्यों को अंजाम देते हैं। राजेंद्र नगर में जरूरत का सब सामान घरों तक पहुंच रहा है।केस कम हुए हैं तो डीडीपुरम को खोल दिया गया है। पूरे राजेंद्र नगर के पांच ब्लॉक हैं। इनकी समीक्षा सिटी मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारियों के साथ की जा रही है। जहां केस कम होंगे या जो ब्लॉक पहले हॉटस्पॉट बना होगा, उसे पहले खोला जाएगा। - अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी