यहां नहीं चाहिए दारू का ठेका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चनेहटी बाजार में प्राइमरी स्कूल के पास शराब ठेका चल रहा है। थोड़ी दूर पर एक देवस्थल भी है। यहां पूजा करने और बाजार में खरीददारी करने के लिए काफी संख्या में महिलाएं आती हैं। बताते हैं कि ग्रामीण काफी समय से ठेका हटाने के लिए शिकायत और पत्राचार कर रहे हैं पर कोई लाभ नहीं हुआ। शुक्रवार को गांव की कई महिलाएं झाड़ूू लेकर भट्ठी पर पहुंच गईं और वहां प्रदर्शन किया। इस बीच शराब खरीदने आए लोगों पर ताने कसे तो वह खुद ही खिसक लिए। महिलाओं का आरोप था कि सरकारी स्कूल के नल से पानी लेकर शराबी यहां शराब पीते हैं और महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। इस बीच यहां ठेला लगाने वाला युवक अनिल भट्ठी के अंदर गया। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद उसने महिलाओं की पैरवी कर रहे राहुल से अभद्रता कर दी। दोनों में मारपीट हुई तो मौके पर गहमागहमी हो गई। हालांकि कैंट थाने के चीता बाइक वाले जवानों ने स्थिति संभाल ली। थोड़ी देर बाद एसआई विशाल प्रताप चौहान पहुंचे तो ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन की प्रति उन्हें सौंपकर ठेका तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने समझाकर महिलाओं को घर भेज दिया।
वर्जन
हम लोगों ने दस मार्च को एडीएम प्रशासन से ठेका हटवाने को कहा था। उन्होंने आबकारी का मामला बताया। तब चार दिन बाद जिला आबकारी अधिकारी से मिले। उन्होंने सप्ताह भर में मौके पर आने और ठेका हटवाने का दावा किया था। तब से आज तक वह नहीं आए। महिलाओं ने इसी के विरोध में प्रदर्शन किया तो ठेके वालों ने महिलाओं से अभद्रता कराने का इंतजाम कर दिया। हम लोग शनिवार को डीएम से मिलेंगे। दो दिन का वक्त देंगे। ठेका न हटा तो जिला आबकारी अधिकारी के दफ्तर पर बेमियादी धरना देंगे। - आर्यवेंद्र मिश्र (ग्रामीणों की पैरवी करने वाले)
वर्जन
ठेका करीब दस साल पहले से चल रहा है। धार्मिक स्थल से न्यूनतम सौ मीटर दूर होने का नियम है जबकि यह डेढ़ सौ मीटर दूर है। आज तक किसी को शिकायत नहीं हुई, अब अचानक हो रहा विरोध समझ नहीं आ रहा। फिर भी हमने ठेके के लिए दूसरी जगह तलाश करने का निर्देश दिया है। शनिवार को मौके पर जाकर देखेंगे। जल्द ही इसे कहीं और शिफ्ट करा देंगे।- आनंद शंकर राय, जिला आबकारी अधिकारी