फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   baval

चोरों ने करा दिया बहेड़ी में बवाल

Mon, 05 Jan 2015 01:39 AM IST
बरेली
बरेली Updated Mon, 05 Jan 2015 01:39 AM IST
विज्ञापन
baval
उत्तराखंड के सितारगंज से पुलिस के टोकने पर ट्रक से भागे टायर चोर शनिवार रात कई थानों की पुलिस को छकाते और बैरियरों को तोड़ते बहेड़ी शहर में घुसे और बखेड़ा खड़ा कर गए। माथुर रोड पर ईद मिलादुन्नबी के लिए की गई सजावट को अंधाधुंध दौड़ते ट्रक ने रौंद डाला। लोगों के थाना घेरने पर अफसरों ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया तो उस वक्त तो गुस्साए लोग मान गए लेकिन सुबह जुलूस न निकालने का ऐलान कर दिया गया।  एसडीएम, सीओ और तहसीलदार के समझाने पर उलेमाओं ने जुलूस निकालने का फैसला कर दिया लेकिन भीड़ में से कुछ लोगों ने अधिकारियों से हाथापाई कर दी। इसी बीच पथराव करने के साथ ही अफसरों को घेर लिया गया। जान बचाने के लिए सीओ ने हवाई फायरिंग की तो लोग और गुस्सा गए।
विज्ञापन

शनिवार की रात उत्तराखंड के सितारगंज में कुछ चोर ट्रक में सवार होकर बाईपास रोड पर एक ट्रक के टायर खोल रहे थे। सितारगंज थाने के एसओ बीएस बिष्ट ने मुखबिर की सूचना पर चोराें को ललकारा तो चोर ट्रक लेकर किच्छा की ओर भाग खड़े हुए। एसओ ने अपनी जीप से ट्रक का पीछा किया और बहेड़ी थाने को भी सूचना दी। ट्रक कठंगरी रोड से लिंक मार्ग के जरिये नदेली रोड पर भागने लगा। सिरसा चौकी प्रभारी पान सिंह ने भी ट्रक का पीछा किया तो ट्रक के चालक ने जीप को टक्कर मारने का प्रयास किया। इस बीच ट्रक का पीछा कर रहे दरोगा के फोन पर गरीबपुरा, सकरस रोड, बहेड़ी के सिंह गौटिया के पास बैरियर लगा दिए गए। ट्रक चालक सारे बैरियर तोड़ते हुए बहेड़ी बाईपास से फोर लेन हाईवे की ओर भागा। बहेड़ी पुलिस ने बाईपास पर ट्रकों से जाम लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ट्रक को शहर के अंदर ले आया। नैनीताल रोड पर बीचाेंबीच जलसा चलने के कारण चालक ने ट्रक को माथुर रोड की ओर भगा दिया। यहां मुसलिम वेलफेयर सोसाइटी की जानिब से भव्य सजावट की गई थी। ट्रक चालक सजावट को तोड़ता हुआ शेरगढ़ रोड की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही एसएसआई माधो सिंह बिष्ट और चौकी इंचार्ज शेर अली ने ट्रक के पीछे जीप लगा दी। ट्रक को रोकने के लिए सरकारी रायफल से कई फायर भी किए गए लेकिन ट्रक आदलपुर के आगे जाकर घने कोहरे के बीच ओझल हो गया।
विज्ञापन

इधर, सजावट तहस-नहस होने से गुस्साए लोगों ने थाना घेर लिया। एसडीएम रामेश्वर नाथ तिवारी और इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह यादव ने नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया और बताया कि पुलिस ट्रक का पीछा कर रही है। इस पर मामला शांत हो गया।  लेकिन रविवार सुबह जश्न-ए-ईद मिलादुन्नवी का जुलूस न निकालने का ऐलान किया गया। सूचना पर करीब 9.30 बजे एसडीएम रामेश्वर नाथ तिवारी, सीओ डा. अरुण यादव, तहसीलदार अजय कुमार उपाध्याय, इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह यादव दलबल के साथ माथुर रोड पर उलेमाओं से वार्ता करने पहुंचे। वहां कई नेता भी मौजूद थे। वार्ता ठीक ठाक चल रही थी। तय हुआ कि नुकसान की भरपाई की जाएगी। ट्रक पकड़ा जाएगा। आगे से पुलिस कड़ी सुरक्षा का बंदोबस्त करेगी। रात की गश्त में तैनात सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर उलेमा जुलूस निकालने को राजी हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

इसी बीच भीड़ में से कुछ लोगों ने इस वार्ता पर सवाल खड़े कर दिए। भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीएम एवं सीओ के साथ धक्कामुक्की और हाथापाई कर दी। फिर पथराव शुरू कर दिया। यह देख सीओ अरुण यादव ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से एक हवाई फायर कर दिया। इस पर भीड़ और उत्तेजित हो गई। वहां मौजूद मुअज्जिज लोगों ने भीड़ को शांत किया। इसके बाद सभी अधिकारी वहां से थाने चले आए। इधर, माहौल गरम होता चला गया। शहर के नैनीताल मार्ग पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग कभी थाने तो क भी नैनीताल रोड पर दौड़ते दिखाई दिए। इस बीच एडीएम प्रशासन अरुण कुमार एवं एसपीआरए बृजेश श्रीवास्तव पहुंच गए। उन्होंने उलेमा मुख्तार अहमद कादरी, मौलाना फरीद, अनवार अहमद कादरी, सैय्यद इफ्तखार मियां के साथ थाने पर वार्ता की। उसके बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी शुरू हो गया। उधर, मामले में पांच सिपाहियों को संस्पेड कर दिया गया है।

सजावट तहस-नहस होने से लोगों में बेहद गुस्सा था। प्रशासन से ठीक वार्ता हुई और जुलूस-ए-मोहम्मदी शुरू कर दिया गया। एडीएम व एसपीआरए ने हमें लिखित कापी दी। बहेड़ी की अमन चैन की मिसाल कायम रहेगी।
मौलाना फरीद  साहब

मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। हां, शहर कोतवाल की भूमिका लापरवाही भरी रही है। कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की लेकिन शहर की समझदार आवाम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। शहर की फिजा पर कोई आंच नहीं आई।
मौलाना मुख्तार अहमद कादरी।


पुलिस पर कुछ लोगाें ने पथराव किया और बदसूलकी की है। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा। ऐसी हरकत नहीं करनी चाहिए। समस्या का हल संवाद से होता है। गश्त पर तैनात एचसीपी हरद्वारी लाल, सिपाही उबेदुल्ला, देवेंद्र सिंह, एचजीपीसी ओम प्रकाश और सुरेश चंद्र को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया गया है।

बृजेश श्रीवास्तव एसपीआरए बरेली

इस पूरे प्रकरण पर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने के मामले में पांच पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया गया है।
अरुण कुमार एडीएम प्रशासन

भीड़ बेहद बेकाबू हो गई थी। पथराव व धक्कामुक्की कर रहे थे। आत्मरक्षा के लिए मुझे मजबूरन हवाई फायर कर चेताना पड़ा।
डा. अरुण कुमार यादव सीओ बरेली

बहेड़ी कांड की मजिस्ट्रेटी जांच होगी
बरेली। बहेड़ी कांड पर डीएम संजय कुमार ने मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम बहेड़ी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। वह घटना के कारण, उसमें शामिल रहे लोग और घटना के जिम्मेदार लोग सरीखे बिंदुओं पर हफ्ते भर में अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed