Bareilly News: बाईपास चौराहे पर घूम रहे थे युवक-युवती, लोगों ने पूछा- कहां से आए..., फिर खुल गई पोल
बरेली के नवाबगंज में बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने युवक और युवती को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ की तो पता लगा कि दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। दिल्ली से भागकर यहां आए हैं।
विस्तार
दिल्ली में रहने वाली एक युवती को शादी का झांसा देकर समुदाय विशेष का युवक बरेली के नवाबगंज लेकर पहुंच गया। ग्रामीणों ने संदिग्ध लगने पर दोनों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन दिल्ली से नवाबगंज के लिए रवाना हो गए।
कस्बे के बाईपास चौराहे पर बृहस्पतिवार की सुबह युवक और युवती संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। इस पर लोगों ने दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि युवक दिल्ली से युवती को लेकर आया है। दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कोतवाली लाकर जब युवक से पूछताछ की तो उसने पूरा मामला बताया।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: वक्फ संपत्ति बता कब्रिस्तान की जमीन को कब्जाया... बनाई दरगाह, FIR दर्ज होते ही आरोपी फरार
आरोपी युवक ने बताया कि वह दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में गाड़ी चलाता है। उसके मकान के सामने रहने वाली युवती से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया। वह बुधवार की रात उसे लेकर नवाबगंज के यासीन नगर के रहने वाले दोस्त के यहां पहुंचा था। पुलिस ने युवक के साथी को भी हिरासत में ले लिया है।
गोविंदपुरी थाने में दर्ज थी युवती की गुमशुदगी
इंस्पेक्टर क्राइम आदेश कुमार ने बताया कि बुधवार को युवती अपने घर से ब्यूटी पार्लर जाने को कहकर गई थी, जब देर रात तक वह घर नहीं लौटी तो उसके पिता ने थाना गोविंदपुरी में पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई है। फिलहाल, युवती के परिजन उसे लेने के लिए कोतवाली नवाबगंज रवाना हो गए हैं।