Bareilly News: पार्षद और उसके भाई ने छात्रा को कार में खींचकर की छेड़खानी, मंगेतर की हत्या करने की दी धमकी
बरेली में छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा ने पार्षद और उसके भाई समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली के मौलानगर के पार्षद ओमान रजा ने अपने भाई के साथ मिलकर छात्रा को कार में खींच लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ छेड़खानी की और उसके फोटो खींच लिए। दोनों भाइयों और एक अज्ञात के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी छात्रा के मुताबिक, सुर्खा बानखाना निवासी जुहैब रजा ने उसे स्नैपचैट पर जोड़ लिया था। धीरे-धीरे जुहैब ने छात्रा से दोस्ती बढ़ा ली। फरवरी से जुहैब छात्रा पर जबरन निकाह करने का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने समझाया कि परिजनों ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया है, इसलिए उससे निकाह नहीं कर सकती। जुहैब ने तमंचे के साथ फोटो भेजकर कहीं और निकाह करने पर छात्रा के पिता और उसके मंगेतर की हत्या करने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें- भाई के सामने बांके से काट दी पत्नी: पति को नींद की गोली खिलाकर गैर मर्दों से करती थी बात, घर भी बुलाती थी
कॉलेज गेट पर रोका
छात्रा का आरोप है कि 26 मई को जब वह पेपर देकर कॉलेज से निकली तो गेट पर जुहैब व उसके सगे भाई मौलानगर के पार्षद ओमान रजा ने उसे रोककर निकाह करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर दोनों भाइयों ने अज्ञात साथी की मदद से छात्रा को कार में खींच लिया। छात्रा के साथ अश्लील हरकत कर फोटो खींच लिए।
बताते हैं कि पार्षद ओमान रजा पर कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कैफे संचालक से लूट कर चुका है एक भाई
मौलानगर का पार्षद ओमान रजा और उसके भाई हमेशा चर्चा में रहते हैं। पिछले साल ओमान रजा के भाई अर्श रजा ने बिल मांगने पर डीडीपुरम के कैफे संचालक के साथ मारपीट और लूटपाट की थी। कैफे संचालक क्षितिज सक्सेना ने प्रेमनगर थाने में अर्श रजा और उसके पच्चीस अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।
