UP: बेहिसाब बिजली कटौती से उपभोक्ताओं का चढ़ा पारा, उपकेंद्र पर बोला धावा; जमकर की तोड़फोड़
कई लोगों ने उपकेंद्र में रखा सामान इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। उपकेंद्र के बाहर खड़ीं कर्मचारियों की बाइकों को भी निशाना बनाया। एसडीई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद हंगामा करने वाले भाग गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेहिसाब बिजली कटौती से गुस्साए उपभोक्ताओं ने बुधवार रात सुभाषनगर उपकेंद्र पर फिर से धावा बोला। रात 11 बजे के बाद उपकेंद्र पर पहुंचे आसपास के उपभोक्ताओं ने पहले हंगामा किया। बाद में जब उनको पता लगा कि एसडीई (सब डिवीजनल इंजीनियर) अभिषेक कपासिया भी उपकेंद्र पर मौजूद हैं तो वे उग्र हो गए।
कई लोगों ने उपकेंद्र में रखा सामान इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। उपकेंद्र के बाहर खड़ीं कर्मचारियों की बाइकों को भी निशाना बनाया। एसडीई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद हंगामा करने वाले भाग गए। फिलहाल, उपकेंद्र पर पुलिस तैनात कर दी गई है। मंगलवार रात भी कटौती से गुस्साए उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर हंगामा किया था। इससे पहले उपभोक्ता उपकेंद्र के एसएसओ सुनील कुमार को खींचकर ले गए थे और बाद में बदायूं रोड पर जाम लगा दिया था।
कई इलाकों में बिजली कटौती
इधर, बुधवार को शहर के अधिकतर इलाकों में अंधाधुंध ट्रिपिंग होती रही। महानगर उपकेंद्र के मेघदूत 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर अर्थिंग का काम किया गया। इस कारण यहां तीन घंटे कटौती की गई। हरुनगला उपकेंद्र के पवन बिहार, कृष्णा नगर कॉलोनी में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या रही।
सुभाषनगर उपकेंद्र से जुड़े वैष्णोनगर, सर्वोदय नगर, अनुपम नगर, पटेल विहार, करगैना इलाकों में बुधवार को भी पांच घंटे तक कटौती की गई। कुतुबखाना, किला, कोहाड़ापीर, राजेंद्र नगर, मढ़ीनाथ, शाहदाना उपकेंद्रों के क्षेत्रों में भी लोकल फॉल्ट और बंच केबल जलने के कारण बिजली आती-जाती रही। पुराना शहर के कांकर टोला, सैलानी, रबड़ी टोला, बड़ा बाजार, साहूकारा, आलमगिरीगंज, बिहारीपुर, पंजाबपुरा, केला बाग, गढ़ी चौकी इलाकों में दो से तीन घंटे कटौती के अलावा दिन भर ट्रिपिंग होती रही।
अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने बताया कि सुभाषनगर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। बुधवार देर शाम तक ज्यादातर इलाकों में आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। कुछ स्थानों से लोकल फॉल्ट की शिकायतें मिली हैं।
महानगर के कई इलाकों में आज सात घंटे बिजली कटौती
महानगर उपकेंद्र के कई इलाकों में गुरुवार को सात घंटे तक कटौती की जाएगी। बैडमिंटन पार्क में लगे 400 केवीए ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए सुबह 10 से शाम पांच बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इसी पार्क में एक अन्य ट्रांसफार्मर की भी मरम्मत की जानी है। इस कारण आपूर्ति सुबह 10 से चार बजे तक बंद रहेगी।
न्यायालय परिसर में भी तीन घंटे ठप रही आपूर्ति
न्यायालय परिसर में भी बुधवार को तीन घंटे आपूर्ति ठप रहने के कारण न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं व वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे कामकाज शुरू होने के साथ ही आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद एक बजे आपूर्ति शुरू हुई। स्टेशन रोड, चौपुला, जवाहर मार्केट इलाकों में भी बुधवार को दिन में तीन घंटे तक कटौती की गई।
बिजली चोरी वाले इलाकों में पांच जून से चेकिंग अभियान
ओवरलोडिंग का बड़ा कारण बिजली चोरी भी है। विद्युत निगम पांच जून से शहर में चेकिंग अभियान चलाएगा। शहर के चारों डिवीजन के सर्वाधिक लोड वाले तीन-तीन फीडरों को चिंह्ति किया है। इन फीडरों पर 10 दिन से सर्वाधिक लोड है। इस कारण यहां ट्रांसफार्मर फुंकने और लोकल फॉल्ट के कारण बेतहाशा कटौती हो रही है। चेकिंग अभियान के लिए विद्युत निगम ने पुलिस की भी मांग की है।
पावर ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए कुछ उपकेंद्रों पर पंखे लगाए गए हैं। पानी छिड़ककर ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने जैसी सूचनाएं गलत हैं। गर्मियों में वाटर लेवल गिर जाता है। इस बीच उपकेंद्रों पर अर्थिंग वाले स्थानों पर पानी जरूर डाला जाता है। -अशोक चौरसिया, अधीक्षण अभियंता