यूपी: बरेली में चार हजार ग्राम प्रहरियों को सीएम योगी करेंगे सम्मानित, जनसभा को भी करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 13 अक्तूबर को बरेली दौरा प्रस्तावित है। वह चार हजार प्रहरियों को सम्मानित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल के चयन के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मैदानों का निरीक्षण किया।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बरेली दौरा 13 अक्तूबर को प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल के चयन के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह व एसएसपी अनुराग आर्य ने विभिन्न मैदानों का निरीक्षण किया। सीएम चार हजार प्रहरियों (चौकीदारों) को सम्मानित करेंगे। जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दूसरी ओर, भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की अध्यक्षता में कार्यालय पर बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
सीएम बरेली-मुरादाबाद खंड से शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के पक्ष में जनसभा में शामिल होंगे। इसके लिए शुक्रवार को प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने पुलिस लाइन, मिशन कंपाउंड, बरेली क्लब, बरेली कॉलेज के मैदानों का निरीक्षण किया। तय कार्यक्रम के अनुसार, सीएम पहले पुलिस लाइन या बरेली क्लब में प्रहरी (चौकीदार) सम्मान समारोह में शामिल हो सकते हैं।
इसमें बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत के प्रहरी (चौकीदार) को सम्मानित करेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस में लंच के साथ स्थानीय पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वहां से जनसभा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसके लिए प्रशासन व भाजपा को कोई अधिकारिक पत्र नहीं मिला है। सीएम प्लेन से आए तो बरेली क्लब में और यदि हेलिकॉप्टर से आए तो पुलिस लाइन में आयोजन किया जाएगा।
ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष ने की बैठक
उधर, देर शाम भाजपा कार्यालय में ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह व अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सीएम के 13 अक्तूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर कुछ स्थलों को देखा गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने बताया कि अभी तक कोई पत्र नहीं मिला है। हालांकि वह प्रहरी सम्मान समारोह व शिक्षक सभा में शामिल हो सकते हैं।
आज आएंगे दोनों राज्यसभा सदस्य
भाजपा से राज्यसभा सदस्य का प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद शनिवार को श्रुति गंगवार व कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह पहली बार जनपद आएंगे। ट्रांसपोर्ट नगर में जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उनके स्वागत समारोह में शामिल होंगे।
भाजपा महानगर की तरफ से सेटेलाइट चौक, आदिनाथ चौक या डमरू चौराहा पर सम्मानित किया जाएगा। भाजपा में राज्यसभा के लिए जिले से पहली बार दो नेता चुने गए हैं। इसके पहले सपा की तरफ से पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव को सपा ने राज्यसभा सदस्य बनाया था।