Bareilly News: बिरयानी की दुकान में फिर मारपीट, हंगामा; दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
जीआरएम मोड़ स्थित अल नवाज बिरयानी शॉप पर शनिवार को फिर मारपीट हो गई। इससे पहले भी यहां विवाद हो चुका है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाकर तहरीर दी है।
विस्तार
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात बिरयानी की उसी दुकान में फिर मारपीट और हंगामा हो गया, जहां पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है।
जीआरएम मोड़ स्थित अल नवाज बिरयानी शॉप पर पहले भी मारपीट और बवाल होता रहा है। नया विवाद शनिवार रात करीब आठ बजे हुआ। हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना पर प्रेमनगर इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी फोर्स के साथ पहुंचे तो कोई आरोपी नहीं मिला। बिरयानी शॉप में रोटियां व सामान इधर-उधर पड़ा था।
दुकानदार ने लगाया ये आरोप
दुकान के मालिक नवाब अली ने प्रेमनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके छोटे भाई की दुकान डीडीपुरम में है। भाई ने अंकित भारती के खिलाफ रिपोर्ट करा रखी है जो खुद को सत्तापक्ष की पार्टी से जुड़ा बताता है। तब से अंकित मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। तीन दिन से वह लगातार उनकी दुकान पर आकर अभद्रता कर रहा था। शनिवार शाम अंकित करीब दस लड़कों को लेकर आया। उसने उनसे मारपीट और अभद्रता की। लड़कों ने खाना व सामान फेंक दिया।
इधर, अंकित भारती पक्ष की ओर से भी रात में तहरीर थाने पहुंच गई। इसमें लिखा था कि अंकित अपने साथियों के संग होटल में खाना खाने गए थे। वहां जो नॉनवेज सामने आया वह चिकन के बजाय किसी और जानवर का लगा। इसका विरोध किया मो विवाद बढ़ गया, तब दुकान के कर्मचारियों ने अंकित व उनके साथियों से मारपीट कर दी।
प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि बिरयानी की दुकान पर मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज व अन्य बिंदुओं पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।