'मैं जान दे रही हूं...': बरेली में नर्सिंग की छात्रा लापता, वीडियो जारी कर पापा-मम्मी के लिए कही ये बात
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव निवासी छात्रा मंगलवार को लापता हो गई। उसका एक वीडियो वायरल हुआ है, जो उसने खुद बनाया। जिसमें वह फेल होने पर जान देने की बात कह रही है।
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में बीएससी नर्सिंग की छात्रा का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसने कहा कि उसका रिजल्ट खराब हो गया है। इसलिए वह जहर पी रही है। वीडियो में उसने एक शीशी से कोई दवा पीते हुए दिखाया। छात्रा लापता है। वायरल वीडियो छात्रा के पिता के पास पहुंचा तो उन्होंने थाने पहुंच कर गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनकी बेटी सुधा यादव नेशनल हाईवे स्थित एक कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई करती है। मंगलवार सुबह आठ बजे वह कॉलेज को जाने के लिए घर से निकली। उसके दो घंटे बाद उसका एक वीडियो उनके मोबाइल फोन पर पहुंचा।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: घर पर सुसाइड नोट छोड़कर विवाहिता हुई लापता, पति की प्रेमिका पर लगाया यह आरोप
छात्रा के परिजन चिंतित
वीडियो में छात्रा कह रही है कि पापा मम्मी मेरा रिजल्ट अच्छा नहीं आया, उसमें मैं फेल हो गई। इस वजह से अपनी जान दे रही हूं। क्योंकि आप लोग डांटोगे। इसलिए मैं जहर पी रही हूं। वीडियो में वह एक शीशी से तरल पदार्थ पीती दिखाई दे रही है। वीडियो देखने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। उसका कहीं कोई पता नहीं लगा। छात्रा के लापता होने से परिजन चिंतित हैं।
छात्रा का मोबाइल फोन भी बंद है। छात्रा के पिता ने मंगलवार शाम को फरीदपुर थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की जाएगी। छात्रा का मोबाइल फोन बंद है। लोकेशन से ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।