बरेली: भाजपा मंडल अध्यक्ष पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट दर्ज
बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन लोगों के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर की रात करीब नौ बजे गांव में ही रहने वाला भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमकरन गंगवार ने घर में घुसकर उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया, तो दूसरे कमरे में सो रहे उनके बेटा-बेटी जाग गए। उन्होंने शोर मचाया, जिस पर गांव के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
गला दबाने का आरोप
आरोप है कि कुछ देर बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमकरन अपने दो साथी पुरुषोत्तम और प्रताप के साथ फिर घर में घुस आया और जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ कर मारपीट की। शोर सुनकर जब उनका जेठ बचाने आया, तो तीनों ने उनके साथ भी मारपीट की।
इन आरोपियों पर भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमकरन गंगवार ने बताया कि महिला के साथ उनके चेहरे भाई से नोकझोंक हुई है। वह भाई को मौके से लेने गया था। उन्होंने महिला के घर के अंदर कदम तक नहीं रखा। महिला ने जो आरोप लगाए हैं वह निराधार हैं।
इस मामले में सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया महिला की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।