Bareilly News: गड्ढे में पहिया जाने से सड़क पर गिरी बाइक, ट्रक से कुचलकर मां-बेटी की मौत
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में अटामांडा-धौराटांडा मार्ग पर गड्ढा मां-बेटी के लिए मौत का सबब बन गया। गड्ढे में पहिया जाने से बाइक गिरने से मां-बेटी सड़क पर गिर गईं, उनके ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा इलाके में खस्ताहाल अटामांडा- धौराटांडा मार्ग पर गड्ढे में पहिया जाने से बाइक गिर गई। उस पर सवार मां-बेटी को ट्रक ने कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंचे डीएम रविंद्र कुमार ने तीन दिन में सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।
सेड़ा गांव निवासी राकेश कुमार कश्यप की पत्नी मीना (35) अपनी बेटियों सुशीला (15) और आरुषि (तीन) के साथ परेबा मोहम्मद अली स्थित अपने मायके में बीमार भतीजे को देखने गईं थीं। बृहस्पतिवार को वह भतीजे चमन के साथ बाइक पर बैठकर लौट रही थीं। एक बाइक पर चार सवार होने के बाद भी किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।
मां-बेटी के ऊपर से गुजर गया पहिया
दोपहर एक बजे दनिया नदी के समीप चमन ने आगे चल रहे ट्रक को बांयी ओर से ओवरटेक किया। अचानक सामने गड्ढा आने की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। ट्रक के पहिये के नीचे आने से मीना और सुशीला की मौके पर ही मौत हो गई।
हिंदू बनी टीचर नेहा की कहानी: घरवाले जबरन कराना चाहते थे निकाह, तीन तलाक-हलाला के डर से लिया ये फैसला
सड़क के किनारे कच्चे भाग पर गिरने की वजह से चमन और आरुषि को ज्यादा चोटें नहीं आईं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। राकेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है।
डीएम ने किया मौका मुआयना
प्रशासनिक टीम के साथ डीएम रविंद्र कुमार अपराह्न तीन बजे मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए बजट मंजूर हो चुका है। इसके बाद भी पीडब्ल्यूडी की ओर से निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कॉल कर पूछा कि बजट मंजूर होने के बाद भी काम क्यों नहीं शुरू हुआ। उन्होंने तीन दिन में सभी अड़चने दूर करके निर्माण शुरू कराने के लिए कहा है।