Bareilly News: अशरफ के साले सद्दाम और लल्ला गद्दी की तलाश में पुलिस की आठ टीमें, इनाम घोषित करने की तैयारी
एसआईटी अशरफ से जुड़े मामलों की विवेचना और आरोपियों की धरपकड़ कर रही है। एक मुकदमे में सद्दाम और दो मामलों में लल्ला गद्दी की बिथरी और बारादरी पुलिस को तलाश है।
विस्तार
बरेली में पुलिस की आठ टीमों की लगातार दबिश के बाद भी अशरफ के साले सद्दाम और लल्ला गद्दी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने इनके गैर जमानती वारंट लेने के लिए कोर्ट में केस डायरी पेश की। कोर्ट ने इस संबंध में कुछ साक्ष्य तलब किए हैं। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अशरफ से बरेली जिला जेल में सद्दाम और लल्ला गद्दी सिपाहियों की मदद से बिना पर्ची के मुलाकात करते थे। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज है।
सीओ थ्री के नेतृत्व वाली एसआईटी अशरफ से जुड़े मामलों की विवेचना और आरोपियों की धरपकड़ कर रही है। एक मुकदमे में सद्दाम और दो मामलों में लल्ला गद्दी की बिथरी और बारादरी पुलिस को तलाश है। एसआईटी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की छह टीमें, एसटीएफ और एसओजी भी इन दोनों की तलाश में जुटी हैं। बिथरी पुलिस इन पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है।
Umesh Pal Murder: अशरफ का नाम जुड़ने से बैकफुट पर आए पूर्व मंत्री, अतीक के साले सद्दाम से तोड़ा बेटी का रिश्ता
इधर, विवेचक सीओ ने सोमवार को सद्दाम और लल्ला गद्दी का गैर जमानती वारंट लेने के लिए कोर्ट में अर्जी व केस डायरी पेश की। कोर्ट ने पुलिस से विवेचना संबंधी कुछ साक्ष्य तलब किए हैं। मंगलवार को टीम यह साक्ष्य पेश करेगी। इसके बाद वारंट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दोनों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
लल्ला गद्दी और सद्दाम पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। एक मुकदमे में सद्दाम तो दो मुकदमों में लल्ला गद्दी वांछित है। लल्ला गद्दी के खिलाफ बारादरी थाने में पॉक्सो एक्ट और मारपीट के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, अशरफ की फरारी के दौरान उसको शरण देने के आरोप में सद्दाम के खिलाफ प्रयागराज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
देवरिया का निवासी है मनोज गौड़
पीलीभीत जेल में तैनात वार्डर मनोज गौड़ पर भी अशरफ से नजदीकी का आरोप है। मनोज देवरिया जिले का मूल निवासी है, फिलहाल प्रेमनगर के अशरफ खां छावनी में रह रहा था। मनोज गौड़ को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था। यह भी अशरफ से उसके गुर्गों की अवैध रूप से मुलाकात कराता था।