UP: हरियाणा तक हवाला का धंधा करने वाला साइबर ठग अफजाल गिरफ्तार, लग्जरी कार समेत ये सामान बरामद
साइबर ठग अफजाल उर्फ राजा सीधे-साधे लोगों के आधार कार्ड लेकर उनके बैंक खाते खुलवाता था। इनका डेबिट कार्ड अपने पास रख लेता था। इन्हीं खातों में हवाला और साइबर ठगी की रकम मंगवाता था। खाताधारकों को कमीशन देता था। लोग उसकी उसकी करतूतों से अनजान थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा समेत कई प्रदेशों के हवाला धंधेबाजों से जुड़े साइबर ठग अफजाल उर्फ राजा को बरेली में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह साइबर ठगी का काला धन हवाला के जरिये सफेद करता था। इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी निवासी अफजाल उर्फ राजा अनपढ़ व सीधे-साधे लोगों के आधार कार्ड लेकर उनके बैंक खाते खुलवाता था। उनके डेबिट कार्ड जारी करवाकर अपने पास रख लेता था।
इन खातों में अफजाल ऑनलाइन ठगी कर रुपये मंगवाता था और खाताधारक को कमीशन देता था। लोगों को पता ही नहीं चलता कि उनके खाते का इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा है। अफजाल इन खातों को हवाला धंधेबाजों को भी उपलब्ध कराता था।
इज्जतनगर थाने के इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि अफजाल गंदे कपड़े पहनकर हवाला कारोबारियों से मिलता था। पुलिस ने अफजाल के पास से लग्जरी कार, तीन मोबाइल फोन, सात पासबुक, दो चेकबुक, आठ डेबिट कार्ड, चार आधार कार्ड, दो पैनकार्ड, डेबिट कार्ड के पासवर्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है। उसके खिलाफ इज्जतनगर, प्रेमनगर, सीबीगंज आदि थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
हरियाणा पुलिस की दबिश के बाद सक्रिय हुई स्थानीय पुलिस
अफजाल काफी समय से साइबर ठगी और हवाला कारोबार से जुड़ा था लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं थी। कुछ दिन पहले हरियाणा पुलिस ने रहपुरा चौधरी में दबिश देकर सैफ को गिरफ्तार किया था। टीम को अफजाल की भी तलाश थी लेकिन वह फरार हो गया था। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस सक्रिय हो गई और अफजाल को गिरफ्तार कर लिया।
Honey Trap: 'अंदर आ जाइए... चाय पी लीजिए', कमरे में घुसते ही बैंककर्मी से युवतियों ने की गंदी हरकत, फिर लूटा
किसी को दारू पार्टी, किसी को देता था रुपये
पूछताछ में अफजाल ने स्वीकार किया कि वह अनपढ़ ग्रामीणों को रुपये और सामान देकर उनके कागजात लेता था। शराब पीने वालों को बुलाकर दारू पार्टी कराता था। इन लोगों से मोबाइल सिम खरीदने के नाम पर कागजात लेता था। बैंक में भी उसका जुगाड़ था। एक व्यक्ति के कागजों से अलग बैंकों में 10-12 खाते खुलवाता था। आरोपी आधार कार्ड में फोटो व नाम-पते भी एडिट कर बदल देता था।
पहले भी पकड़े गए टेरर फंडिंग के आरोपी
कुछ साल पहले यूपी एटीएस ने रहपुरा चौधरी के पड़ोसी गांव परतापुर चौधरी के चार लोगों को टेरर फंडिंग के आरोप में लखीमपुर खीरी से गिरफ्तार किया था। उस समय भी रहपुरा चौधरी के कई युवकों के नाम सामने आए थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से पहले ही वे गांव छोड़कर फरार हो गए थे। धंतिया के साइबर ठगों के कई रिश्तेदार भी रहपुरा और उसके आसपास गांव में रहते हैं।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि आरोपी अफजाल कम पढ़े-लिखे लोगों को फुसलाकर उनके कागजात लेता था। इनके सहारे कई बैंकों में खाते खुलवाकर हवाला का कारोबार व ठगी करता था। आरोपी के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसे जेल भेजा जा रहा है।