Bareilly Metro : 15 मार्च तक आएगी मेट्रो की डीपीआर, साल 2027 तक शुरू हो सकता है काम
अगर सब कुछ सही रहा तो बरेली में 2031 तक मेट्रो रेल दौड़ने लगेगी। 15 मार्च तक मेट्रो की डीपीआर आ सकती है। इस पर अधिकारी अध्ययन करेंगे। इसके बाद इसे लखनऊ, फिर दिल्ली भेजा जाएगा।
विस्तार
बरेली में दो रूटों पर मेट्रो रेल दौड़ाने के लिए 15 मार्च तक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) आएगी। कोई अड़चन नहीं पड़ी तो 2027 में काम शुरू होगा और 2030 तक काम पूरा होगा। वर्ष 2031 से लोग मेट्रो पर सफर कर सकेंगे। अगर दो कोच की मेट्रो दोनों प्रस्तावित रूटों पर दौड़ जाती है तो प्रति घंटे 19 हजार यात्री सफर कर सकेंगे। राइट्स की ओर से कराए गए सर्वे में यह आकलन किया गया है।
शहर में जंक्शन से नार्ट सिटी एक्सटेंशन तक और चौकी चौराहा से फन सिटी तक मेट्रो के दो कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। साल 2056 की आबादी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की जरूरत के हिसाब से मेट्रो रेल परियोजना विकसित की जानी है। आकलन किया गया है कि 2056 में 32400 यात्री प्रति घंटे मेट्रो पर सफर कर सकेंगे। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) के बीच मेट्रो को लेकर लगातार संवाद जारी है।
जनवरी में डीपीआर आने की उम्मीद थी लेकिन सर्वे और कुछ काम रह गए थे जिसकी वजह से वक्त लग रहा है। अब राइट्स के अभियंता अब तक हुए सर्वेक्षण से आई रिपोर्ट को समन्वित कर रहे हैं। इसी आधार पर डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा। डीपीआर आने के बाद मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बैठक होगी।
बैठक में डीपीआर का अध्ययन होगा। स्थानीय जरूरतों को कितना शामिल किया गया है। अधिकारी इसका आकलन करेंगे। अपने सुझाव देंगे। अगर कोई बदलाव कराना जरूरी है तो उसकी प्रक्रिया होगी। इसके बाद डीपीआर शासन को जाएगी। लखनऊ स्तर से परीक्षण के बाद डीपीआर दिल्ली जाएगी।
केंद्र और राज्य सरकार की यह संयुक्त परियोजना अगले लोकसभा चुनाव से पहले धरातल पर उतरती दिखेगी। अगर कोई अड़चन न पड़ी तो लोग मेट्रो से 2030 के अंत तक सफर कर सकेंगे। बीडीए के सचिव योगेंद्र कुमार ने मेट्रो आने से शहर के विकास को रफ्तार बढ़ेगी। आवागमन आसान होगा। देश विदेश के लोगों का आवागमन बढ़ेगा तो व्यापार और सेवा क्षेत्र को विस्तार मिलेगा।
- रूट नंबर एक (ब्लू लाइन- लंबाई 12.5 किमी) - बरेली जंक्शन, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, सेटेलाइट बस अड्डा, बीसलपुर चौराहा. तुलसीनगर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय, सौ फुटा क्राॅसिंग, फीनिक्स मॉल, सन सिटी, फन सिटी। (11 स्टेशन)
- रूट नंबर दो (रेड लाइन- लंबाई 9.5 किमी)- चौकी चौराहा, अयूब खां चौराहा, कुतुबखाना मार्केट, कोहाड़ापीर रोड क्रॉसिंग, डीडीपुरम चौराहा, सब्जी मंडी, आईवीआरआई यूनिवर्सिटी, नार्थ सिटी एक्सटेंशन, फन सिटी। (9 स्टेशन)
2031 2041 2051 2056
19100 23000 28600 32400
(आंकड़े अनुमानित)