बरेली जोगेंद्र हत्याकांड: वारदात की वजह लूट या कुछ और, पता लगाने में जुटी पुलिस; सर्विलांस पर लगाए कई नंबर
बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में शुक्रवार रात सब्जी विक्रेता जोगेंद्र की गोली मारकर की हत्या कर दी गई थी। उनके परिजनों ने हत्या और लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की टीमें घटना की जांच में जुटी हुई हैं।
विस्तार
बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र के प्रगति नगर में सब्जी विक्रेता जोगेंद्र की हत्या के मामले में परिवार ने लूट का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस भी लूट व अन्य संभावित बिंदुओं पर तफ्तीश में जुटी है। बावजूद हत्या की सही वजह अभी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस की टीमें जोगेंद्र के मूल गांव से लेकर ससुराल तक गई हैं और कई संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर लगाया है।
करगैना प्रगतिनगर कॉलोनी के जिस घर में शुक्रवार रात हत्या हुई, वह रेलवे लाइन किनारे सुनसान स्थान पर बना है। वहां से सबसे करीबी घर की दूरी भी आधा किमी से कम नहीं है। घर नया बना है, जिसके जीने में कोई किवाड़ नहीं है। बगल में बन रहे जोगेंद्र के साले धर्मेंद्र के घर से इस घर की छत पर चढ़ने के लिए स्लिप भी बनी हुई है। ऐसे में यह घर निसंदेह बदमाशों का आसान लक्ष्य रहा होगा।
संबंधित खबर- UP: बरेली में हेड कांस्टेबल के बहनोई की गोली मारकर हत्या, पत्नी बोली- रुपयों से भरा थैला लूट ले गए बदमाश
अनीता के भाई ने पुलिस पर जताया भरोसा
सूचना पर अनीता के भाई हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र भी आ गए थे। उन्होंने बताया कि छुट्टी नहीं मिल पाती है। बहन-बहनोई की मदद से मकान बनवा रहे थे। हाल ही में उन्हें सरिया, सीमेंट व मजदूरों को देने के लिए 68 हजार रुपये दिए थे। बहनोई ने कितने खर्च किए और कितने बचे, वह नहीं जानते। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस सही खुलासा करेगी।
परिवार ने ठेकेदारों-मजदूरों पर शक जताया
एक सब्जी विक्रेता के घर को केवल लूट के लिए निशाना बनाने की बात अधिकारियों से लेकर स्थानीय लोगों के भी गले नहीं उतर रही। इस दौरान अनीता और उनके परिजनों ने यह कहकर भी चौंका दिया कि इसमें भाई धर्मेंद्र के घर काम कर रहे मजदूरों व ठेकेदार राजू का हाथ है। संदेह जताया कि इसी थैले से रुपये निकालकर उनका हिसाब किया गया था। शुक्रवार को दिन में कभी पानी पीने तो कभी किसी और बहाने से ये लोग उनके घर में आए थे। उन्हें पता था कि रुपये कहां रखे हैं, इसलिए जाते वक्त वह थैला उठा ले गए।
शरीर में मिले छर्रे, ज्यादा खून बहने से हुई मौत
जोगेंद्र के शव के पोस्टमॉर्टम के दौरान हृदय, पेट, सीने पर कई जगह छर्रे लगे मिले। शरीर से खून ज्यादा बहने और हेमरेज शॉक से मौत होने की बात स्पष्ट हुई। घुटनों में भी चोट लगी मिली। जोगेंद्र की पत्नी के भी पैरों में चोट लगी थी और वह ठीक से चल नहीं पा रही थीं।