यूपी: गंदगी के बीच बनाई जा रही थीं मिठाइयां, फफूंद लगा मिला घेवर, बरेली में दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित
बरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में न्यू बाजपेई स्वीट्स में गंदगी और धीरज स्वीट्स में फफूंद लगा घेवर मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। लखनऊ से आई टीम ने 27 दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और 18 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए।
विस्तार
बरेली में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बरेली में खाद्य सचल दलों ने मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 जगह से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जबकि 18 को नोटिस जारी किए गए है।
जांच के दौरान कई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी सामने आई। कहीं गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं तो कहीं पुराने और फफूंद लगे खाद्य पदार्थ बिक्री के लिए रखे मिले। अनियमितताएं मिलने पर प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सुभाष नगर स्थित न्यू वाजपेई स्वीट्स में खराब स्थिति मिली। यहां गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। भट्ठी के पास ही शौचालय संचालित पाया गया। इसके अलावा फर्श टूटी हुई थी और परिसर में गंदा पानी जमा था। खाद्य सुरक्षा मानकों का इस तरह उल्लंघन मिलने पर विभाग ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
धीरज स्वीट्स के यहां मिला फफूंद लगा घेवर
इसी तरह कैलाशपुरी स्थित धीरज स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी में भी अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान यहां पुराना और फफूंद लगा घेवर मिला। इसके साथ ही प्रतिष्ठान में अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर विभाग ने इस प्रतिष्ठान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया।
संयुक्त आयुक्त खाद्य सेकेंड राहुल सिंह ने बताया कि अभियान के तहत लखनऊ से आई टीम ने जांच और नमूना संग्रह की कार्रवाई की। टीम की ओर से जिले की 27 दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नोटिस दिए गए है।