किसान आत्महत्या प्रकरण: गोरखपुर विवि के कुलपति समेत पांच पर रिपोर्ट, पीड़ित परिवार के एलान पर पुलिस अलर्ट
बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं वर्तमान में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति कृष्ण पाल सिंह समेत चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, मृतक के परिजनों ने थाने कूच का एलान किया है। इसे लेकर पुलिस अलर्ट पर है।
विस्तार
बरेली जिले में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में शनिवार शाम बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मृतक के पुत्र भाग सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति समेत चार लोगों को नामजद किया है। एक अन्य आरोपी अज्ञात है। रिपोर्ट में आत्महत्या के लिए उकसाने, छल-कपट, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप लगाए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सिंह को सौंपी गई है।
एफआईआर में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति कृष्ण पाल सिंह (वर्तमान कुलपति, गोरखपुर विश्वविद्यालय), उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार के नाम शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य अज्ञात सहयोगी को भी आरोपी बनाया गया है। वहीं, किसान की मौत के बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने शनिवार को मांगें पूरी तक अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था। रविवार को धरना देने का एलान किया है। इस पर पुलिस प्रशासन अलर्ट है।
यह भी पढ़ें- किसान आत्महत्या प्रकरण: शव घर में रखकर सुबह थाने कूच का एलान, गोरखपुर विवि के कुलपति के खिलाफ दी तहरीर
कूटरचना के जरिये बैनामा कराने का आरोप
बहेड़ी थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव निवासी भाग सिंह के मुताबिक उनके पिता भगवान सिंह ने वर्ष 1995 में गांव में कृषि भूमि खरीदी थी। तहरीर में आरोप है कि जमीन पर उनका परिवार लंबे समय से काबिज था और वहां मकान भी बना हुआ है। आरोप है कि कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी, अनुज कुमार और उनके अज्ञात सहयोगियों ने राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ कर जमीन के संबंध में एकतरफा आदेश करा लिया। इसके बाद फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचना के जरिये जमीन का बैनामा कराने का भी आरोप लगाया गया है।
भाग सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन को लेकर उनके पिता ने अधिकारियों के यहां कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तहरीर के अनुसार, इसके बाद आरोपियों की ओर से जमीन और मकान खाली करने का दबाव बनाया गया तथा जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी गईं। इससे उनके पिता मानसिक रूप से परेशान रहने लगे।
तहरीर के मुताबिक 20 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे भगवान सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया और इसके बाद अपनी ससुराल उत्तराखंड के राजपुर पहुंच गए। वहां उन्होंने गुरमुख सिंह के सामने कथित तौर पर कहा कि कुलपति कृष्ण पाल सिंह और उनके साथियों ने उन्हें बर्बाद कर दिया है और कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
भाग सिंह ने यह भी बताया कि पिता ने सुसाइड नोट लिखा था, जो उनकी डायरी में मिली। इसके बाद उनकी मौत हो गई थी। एसपी उत्तरी संतोष कुमार ने कहा कि मृतक के बेटे ने पुलिस को हस्तलिखित सुसाइड नोट और राजस्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात कही है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अंतिम संस्कार से किया इन्कार
सिख संगत की गुरुद्वारा सिंह सभा में रविवार को सुबह से बैठक चल रही है, जिसकी अगवाई सुखदेव सिंह नामधारी कर रहे हैं। बैठक में अभी तक यह चल रहा है कि केवल एफआईआर हुई है सख्त कार्रवाई नहीं हुई। मुआवजा नहीं दिया गया, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। जमीन भगवान सिंह के बच्चों के नाम दर्ज हो। परिजनों ने मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार करने से साफ मना कर दिया है। दोपहर दो बजे थाने की ओर कूच करने का एलान किया है।
