इत्तेफाक: एक साल बाद फिर वहीं लौटे सोना-चांदी के भाव, कीमतों में गिरावट से बढ़ेगा सराफा कारोबार
बरेली में सोने-चांदी की कीमतें एक साल बाद पुराने स्तर पर लौट आई हैं। सहालग सीजन में सोने-चांदी के कीमतों में गिरावट से सराफा कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
विस्तार
सोना और चांदी की कीमतों में एक साल के दौरान कभी तेजी तो कभी गिरावट का दौर रहा, पर साल के अंत में बरेली सराफा बाजार के भाव फिर पुराने स्तर के करीब पहुंच गए हैं। 21 नवंबर 2025 को सोने और चांदी के जो भाव थे, 21 नवंबर 2026 को भी कीमतें लगभग उसी स्तर पर दर्ज हुईं। भावों का इस तरह पुराने स्तर पर लौटना सराफा कारोबारियों के बीच चर्चा का विषय बना है।
बरेली महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन की ओर से जारी दोनों तारीखों के दैनिक भावों की तुलना करें तो चांदी की कीमत में महज तीन सौ रुपये प्रति 10 ग्राम का अंतर है। 21 नवंबर 2025 को चांदी (पक्की) का भाव 1553 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो इस साल 21 नवंबर को 1550 रुपये दर्ज हुआ। सोने के भाव में भी बहुत अंतर नहीं आया। पक्के जेवरात का भाव पिछले साल 1,25,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो इस साल बढ़कर 1,27,000 रुपये है।
संगठन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिंटू ने बताया कि एक साल के दौरान सोने-चांदी की कीमतों में कई बार उतार-चढ़ाव आए। बरेली के सराफा बाजार में दोनों तारीखों के भाव करीब एक जैसे होने से दिलचस्प संयोग बनाता है। सहालग के सीजन में कीमतों में आई गिरावट से कारोबार बढ़ेगा। सहालग का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में सराफा कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।
बरेली सराफा एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की बढ़ती मांग को सराफा कीमतों में उतार-चढ़ाव का कारण बताया। चांदी के मामले में औद्योगिक मांग, सौर ऊर्जा समेत इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में खपत की भूमिका भी अहम रही। हालांकि, साल भर बाद 21 नवंबर को भाव पिछले साल के करीब पहुंचे हैं।
