UP News: माफिया अशरफ के साले सद्दाम की कार कुर्क, बरेली डीएम ने की कार्रवाई, बदायूं जेल में बंद है गैंगस्टर
प्रयागराज के माफिया अशरफ के साले सद्दाम की लग्जरी कार बरेली के डीएम ने कुर्क कर दी। इस कार के लोन की किस्त जमा ही नहीं की जा सकी। कार बिथरी चैनपुर थाने में खड़ी है और सद्दाम इन दिनों बदायूं जिला जेल में बंद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज के पुरा मुफ्ती निवासी सद्दाम की सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार को बरेली के डीएम ने कुर्क कर दिया है। करीब 11 लाख 50 हजार की लग्जरी गाड़ी के लिए एसडीएम को प्रशासक नियुक्त किया है। परिवहन विभाग से कराई जांच में पता चला कि यह कार एक फाइनेंस कंपनी से लोन पर ली गई है जिसका 11 लाख 27 हजार 860 रुपये सद्दाम पर बकाया है। सद्दाम के खिलाफ विभिन्न जिलों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाने में उसके और उसके गुर्गों के खिलाफ इसी साल गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद बिथरी पुलिस की टीम प्रयागराज से सद्दाम की फार्च्यूनर कार बरामद कर बरेली ले आई थी। तभी से यह कार बिथरी थाने में ही खड़ी है। अब गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत डीएम ने सद्दाम की कार को जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
बरेली में रहकर की थी अशरफ की मदद
सद्दाम का बहनोई अशरफ करीब तीन साल तक बरेली जिला जेल में बंद रहा। इस दौरान सद्दाम भी शहर की खुशबू एन्क्लेव कॉलोनी में किराये का घर लेकर रहा था। वह अपने गुर्गे लल्ला गद्दी के जरिये जेल में बंद अशरफ को सुविधाएं पहुंचाता था। प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद और अशरफ का नाम मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आया था।
इस हत्याकांड की साजिश बरेली जेल में रची गई थी। सद्दाम ने जेल में शूटरों की मुलाकात अशरफ से कराई थी। सद्दाम के खिलाफ बिथरी चैनपुर व बारादरी थाने में मुकदमे दर्ज हुए थे, इनमें चार्जशीट भी लग चुकी है। सद्दाम पर पिछले साल मार्च में गैंगस्टर लगाया गया था। वह इन दिनों बदायूं जेल में बंद है।
एक लाख का इनामी था सद्दाम
सद्दाम का पता न लगने पर तत्कालीन एडीजी ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ बरेली की टीम उसे दिल्ली से गिरफ्तार करके लाई थी। वहां वह अपनी गर्लफ्रेंड के घर के पास मिला था। शहर निवासी एक पूर्व मंत्री की बेटी से उसकी नजदीकी की चर्चा भी खूब रही। सूत्रों के मुताबिक दोनों का रिश्ता तय हुआ था पर बाद में पूर्व मंत्री ने रिश्ता तोड़ दिया।