बदायूं: एक्सपायर नमकीन से निकाले तेल का धंधा कई राज्यों तक फैला, बाजार में भी खपाया, जांच में जुटे अफसर
बदायूं के ओरछी में एक्सपायर नमकीन से तेल निकालने और बेचने का धंधा कई राज्यों तक फैले होने की आशंका है। नकली खल भी बनाने की बात सामने आई है। अधिकारी अब इसकी गहना से जांच कर रहे हैं।
विस्तार
बदायूं के ओरछी में एक्सपायर नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की पेराई कर तेल निकालने का मामला महज कुछ गोदामों तक सीमित नहीं है। इस कारोबार के पीछे कई राज्यों और शहरों तक फैले बड़े नेटवर्क की आशंका जताई गई है। नकली खल भी बनाने की बात सामने आई है। अधिकारी अब कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्ति और बैंक खातों की जांच की तैयारी करा रहे हैं ताकि कुछ और चीजें स्पष्ट हो सकें।
दिल्ली, हरियाणा, कानपुर और राजस्थान समेत विभिन्न स्थानों से खराब और कम समय में एक्सपायर होने वाले खाद्य पदार्थ सस्ते दामों पर मंगाए जाते हैं। इनमें नमकीन, बिस्कुट, चाउमीन, मैगी, सोया उत्पाद, टॉफी, चूर्ण और चॉकलेट तक शामिल हैं। इनकी पेराई से निकले तेल को कागजों में बायो डीजल कंपनियों को बेचना दिखाया जाता है, जबकि स्थानीय स्तर पर इसे सामान्य खाद्य तेल में मिलाकर रसोई और चाट-पकौड़ी के ठेलों तक पहुंचाने की आशंका है। टीमें तीन दिन से जांच कर रही हैं।
डीएम अवनीश राय के निर्देश पर बिसौली एसडीएम प्रियंका गोयल और सीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पांच गोदामों को सील कर 200 से अधिक ड्रम तेल बरामद किया गया है। प्रशासन ने संचालकों से तेल और कच्चे माल की खरीद-बिक्री के बिल व अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया। इलाके में संचालित दो दर्जन से अधिक अन्य गोदामों और कारखानों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कम कीमत पर गांवों में बेचा जाता है सामान
संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में कारोबार का एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। जिन खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट नजदीक होती है, उन्हें कंपनियां सामान्य बिक्री के बजाय सस्ते दामों पर कारोबारियों को बेच देते हैं। इसके बाद यह कारोबारी गांव-गांव जाने वाले सेल्सेमैनों से साठगांठ कर नजदीकी एक्सापयर नमकीन, बिस्कुट समेत अन्य चीजें को दुकानों तक पहुंचाते हैं। कम कीमत पर खरीद और अधिक मुनाफे के लालच में यह सामान ग्रामीण दुकानदारों तक पहुंचता है। इस तरह खराब और कम समय में एक्सपायर होने वाले खाद्य पदार्थों की खपत का अलग नेटवर्क भी चलने की चर्चा है।
तेल के साथ तैयार हो रही नकली खल
नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की पेराई के बाद निकले अवशेष को भी ठिकाने लगाने के बजाय उससे कमाई का रास्ता निकाला जा रहा है। चर्चा है कि बचे हुए कचरे में डस्ट और अन्य सामग्री मिलाकर पशुओं के लिए खल तैयार की जाती है। इसमें जरूरत के हिसाब से रंग मिलाकर अलग-अलग तरह की खल तैयार करने की बात भी सामने आई है। इस तरह एक ही कच्चे माल से तेल और पशु आहार दोनों तैयार किए जा रहे हैं।
डेढ़ दशक में एक गोदाम से डेढ़ दर्जन से अधिक कारखानों तक पहुंचा कारोबार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब डेढ़ दशक पहले शराफत ने साझेदारी में कम जगह पर यह कारोबार शुरू किया था। मुनाफा बढ़ने के बाद उन्होंने अपने-अपने कारखाने स्थापित कर लिए। बाद में दोनों अलग हो गए तो परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इसी काम में हाथ आजमाना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे ओरछी के साथ शाहबाद और आसपास के गांवों के लोग भी इस कारोबार से जुड़ते चले गए। अब ओरछी चौराहे से आसफपुर रोड पर सिसरका चौराहे तक करीब डेढ़ दर्जन से अधिक स्पेलर और तेल निकालने वाले कारखाने संचालित हो रहे हैं।
सील गोदामों में श्रमिकों के प्रवेश का आरोप
प्रशासन द्वारा पांच गोदामों को सील करने के बाद भी कारोबार पूरी तरह बंद होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि जिन गोदामों को सील किया है, उन गोदामों के अन्य गेट भी हैं, जो सुबह शाम को खोले और बंद किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन कारखानों में रोजाना करीब 300 से 500 महिला और पुरुष श्रमिकों को काम मिलता है। बड़ी संख्या में परिवारों की रोजी-रोटी इसी कारोबार पर निर्भर है।
एसडीएम बिसौली प्रियंका गोयल ने बताया कि ओरछी के पांच गोदामों पर छापा मारा गया था। इस मामले में खाद्य विभाग की ओर से जांच की जा रही है। कई बिंदुओं पर भी जांच कराई जा रही है।
