Bareilly News: बीडीए का आर्किटेक्ट कार्यालय के पास ही करता रहा अवैध निर्माण, अब हुई ये कार्रवाई
बरेली में बीडीए की टीम ने अवैध रूप से बनाए गए दो मंजिला भवन को सील किया है। यह भवन आर्किटेक्ट सुशील शौरी का बताया गया। शौरी ने बीडीए और नगर निगम की कई परियोजनाओं का नक्शा बनाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में जिस आर्किटेक्ट के बनाए हुए नक्शे को बीडीए पास करता है, उसी के भवन को सील किया जाना शहर में चर्चा का विषय बना है। बीडीए कार्यालय के पास ही बने इस भवन के निर्माण के समय अफसर कहां थे? इसका जवाब किसी के पास नहीं है। बीडीए अब ध्वस्तीकरण कराने की बात कह रहा है। वहीं, आर्किटेक्ट का कहना है कि भवन उनका नहीं, वह महज किरायेदार हैं।
दो मंजिला भवन जिस आर्किटेक्ट सुशील शौरी का बताकर बीडीए ने सोमवार को सील किया है, उन्होंने बीडीए और नगर निगम की कई परियोजनाओं का नक्शा बनाया है। पीलीभीत रोड पर रामजानकी मंदिर के पास सील किया गया भवन दो-तीन साल पहले बना था। तब बीडीए के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक की निगाह इस पर नहीं पड़ी, जबकि इस पॉश इलाके की सड़क से सभी का आना-जाना लगा रहता है।
अवैध रूप से बना है भवन
इधर, कुछ दिन पहले शिकायत हुई तो जांच में पता चला कि भवन अवैध रूप से बना है। इसके बाद सोमवार को कार्रवाई हुई। वहीं आर्किटेक्ट सुशील शौरी का कहना है कि बीडीए को भवन सील करने की कार्रवाई भवन स्वामी के नाम करनी चाहिए थी।
बीडीए सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण किसी का भी हो, उस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की ओर से पहले से ही सूचना दी जा रही है कि गलत निर्माण न कराएं। प्राधिकरण अब अवैध तौर पर बने भवनों पर कार्रवाई कर रहा है। रामजानकी मंदिर के पास भी नक्शा स्वीकृत कराए बिना ही आवासीय भूमि पर कॉमर्शियल भवन बनाने वालों पर कार्रवाई की गई है।