वीडियो देखकर मिठाई से मुंह मोड़ लेंगे: दिवाली से पहले मिठाइयों में मिले कीड़े, गंदगी में चल रही थी तैयारी
दिवाली पर बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे रसगुल्लों में भारी मात्रा में कीड़े मिले। इसके बाद करीब 400 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
विस्तार
दिवाली नजदीक आते ही मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। साथ ही लोगों की सेहत से खिलवाड़ के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। शहर के दो नामी मिठाई विक्रेताओं शुभमन स्वीट्स और बीकाराम चांदमल के कारखानों में गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। एडीएम सिटी विकास कश्यप ने बताया कि दोनों जगह मिठाई तैयार करने और रखने की स्थिति बेहद खराब मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों कारखानों से 10 नमूने लेकर उनके लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की है।
रसगुल्लों में भारी मात्रा में कीड़े मिले
सहायक आयुक्त खाद्य सुरेंद्र मिश्र ने बताया कि आरडीसी में बीकाराम चांदमल नाम से मिठाई की दुकान है, जबकि रईसपुर में बीसी फूड नाम से इसका कारखाना संचालित है। सूचना के आधार पर सोमवार को कारखाने में छापा मारा गया तो दिवाली पर बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे रसगुल्लों में भारी मात्रा में कीड़े मिले। इसके बाद करीब 400 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
मिठाई तैयार करने वाले स्थान पर कॉकरोच घूमते मिले
टीम को यहां मिठाई तैयार करने वाले स्थान पर कॉकरोच घूमते मिले। खाद्य पदार्थ रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डीप फ्रीजर में भी कॉकरोच और अन्य कीड़े मिले। जांच में कारखाने में इस्तेमाल किया जा रहा सोडियम बाईकार्बोनेट फूड ग्रेड का नहीं पाया गया। मावा में मिलावट की आशंका पर छेना मिठाई, बूंदी के लड्डू, रंगीन मावा, समोसा मसाला, लाल मिर्च पाउडर और सोडियम बाईकार्बोनेट के छह नमूने लिए गए हैं। कारखाने में सुधार होने तक लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।
गंदगी के बीच रखी मिली मिठाई
साइट चार औद्योगिक क्षेत्र के झंडापुर स्थित शुभमन स्वीट्स के कारखाने में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को अनियमितताएं मिलीं। तैयार मिठाइयां गंदगी के पास रखी हुई थीं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि कारखाने की स्थिति इतनी खराब थी कि जमीन पर कॉकरोच घूम रहे थे। टीम ने यहां से खोये के दो, काजू गुलाब मिठाई और बेसन के एक-एक नमूने लिए हैं। कारखाने में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति को देखते हुए इसका लाइसेंस भी निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.