Bareilly News: दागी थानेदार किए जाएंगे चिह्नित... होगी कार्रवाई, एडीजी ने सीओ को लगाई फटकार
एडीजी पीसी मीना ने आईजी डॉ. राकेश सिंह व एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान की मौजूदगी में भ्रष्टाचार के आरोपी अफसरों को आड़े हाथों लिया। साथ ही दागी थानेदारों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।
विस्तार
बरेली जिले में थानेदारों से लेकर सीओ स्तर के कई अफसरों तक की बेअंदाजी से पुलिस की किरकिरी हो रही है। एडीजी पीसी मीना ने बुधवार शाम सीओ स्तर तक के अधिकारियों की बैठक बुलाई। यहां विभाग की किरकिरी कराने को वालों फटकार लगाई। वहां मौजूद आईजी ने भी एसएसपी को निर्देश दिए कि जनता की सुनवाई न करने वाले थाना प्रभारियों को चिह्नित कर हटा दें।
एडीजी पीसी मीना ने आईजी डॉ. राकेश सिंह व एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान की मौजूदगी में भ्रष्टाचार के आरोपी अफसरों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कई सीओ व इंस्पेक्टर जनता की कॉल ही रिसीव नहीं कर रहे हैं। मीडिया से बेहतर संवाद नहीं किया जा रहा है। कोई घटना होती है तो उसे छुपाने के बजाय सही स्थिति सामने लाने का प्रयास करना चाहिए।
एसएसपी को दिए कार्रवाई के निर्देश
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से स्पष्ट निर्देश हैं कि सीयूजी नंबर 24 घंटे खुले रहने चाहिए लेकिन कुछ अधिकारी जानबूझकर कॉल नहीं उठाते हैं। एसएसपी को लापरवाह अफसरों व थानेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
एडीजी ने हाल ही में गाली-गलौज का ऑडियो वायरल होने के मामले में शीशगढ़ के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को लेकर जांच की स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि जांच पूरी हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई होगी। एडीजी ने किला, इज्जतनगर, फतेहगंज पूर्वी, आंवला, बहेड़ी व फरीदपुर थानों के इंस्पेक्टरों की ज्यादा शिकायतें मिलने का जिक्र किया। एसपी यातायात शिवराज को वसूली की शिकायतों पर नकेल कसने की हिदायत दी।
कांवड़ यात्रा की करें तैयारी
एडीजी ने सभी अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अभी से तैयारी करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ थाना स्तर पर बैठकें कर ली जाएं। यात्रा का रूट निर्धारित करके उसका मुआयना भी कर लिया जाए। थानेदार रास्ते में होनी वाली दिक्कतों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय कर लें ताकि यात्रा के दौरान कोई दिक्कत न हो। यह भी ध्यान रखें कि कोई नई परंपरा न पड़े।