Bareilly News: अवैध संबंध के शक में की गई थी हिस्ट्रीशीटर की हत्या, दोस्त निकला कातिल, भेजा गया जेल
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी ने अवैध संबंध के शक में वारदात को अंजाम दिया था।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा माफी निवासी हिस्ट्रीशीटर बाबू खां के हत्यारोपी दोस्त एहसान को रविवार रात पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे बाबू पर महिला से अवैध संबंधों का शक था, इसलिए उसकी जान ले ली। दो रिश्तेदारों की नामजदगी झूठी निकली।
गांव रम्पुरा माफी निवासी हिस्ट्रीशीटर बाबू खां की शनिवार सुबह दस बजे साथी बदमाश एहसान खां ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। बाबू उस वक्त एहसान खां के घर के पास ही एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहा था। एहसान खां वहां आया और कंधे पर हाथ रखकर उसे अपने घर के सामने बुलाकर ले गया था।
यह भी पढ़ें- दोस्त बना दुश्मन: कंधे पर रखा हाथ...घर से 50 मीटर दूर ले गया एहसान, हिस्ट्रीशीटर की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या
निर्माणाधीन मकान से 50 मीटर दूरी पर एहसान खां ने अपने घर के सामने बाबू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। उस वक्त घटनास्थल पर एहसान खां का बेटा फैजान व छोटी बेटी भी खड़े थे। मकान पर काम कर रहे राज मिस्त्री व मजदूरों ने शोर मचाया तो एहसान भाग गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
परिवार की महिला से थे अवैध संबंध
थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि 2006 में एहसान और बाबू खां एक ही मुकदमे में जेल में बंद रहे थे। बाबू की जमानत हो गई और वह जेल में ही रहा। एक साथ तारीख होती थीं तो बाबू खां उसके परिवार की महिला को लेकर आता था। इसी दौरान बाबू खां से महिला के अवैध संबंध हो गए थे।
जेल से बाहर आने पर उसे अवैध संबंधों की जानकारी हुई। तभी से वह बाबू खां से नफरत करने लगा। घटना वाले दिन बाबू उसके घर के पास ही काम कर रहा था तो उसने उसकी हत्या कर दी। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि बाबू खां को जेल भेजा गया है। बाकी दो लोगों कामरान और शहरोज की नामजदगी झूठी पाई गई है।