UP News: प्रयागराज महाकुंभ के लिए आवंटित की गईं बरेली रीजन की 430 रोडवेज बसें, संचालन की तैयारियां शुरू
प्रयागराज महाकुंभ के लिए बरेली रीजन में रोडवेज ने स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। रीजन के चारों डिपो को बसों का आवंटन कर दिया गया है।
विस्तार
जनवरी और फरवरी में आयोजित होने वाले प्रयागराज महाकुंभ के लिए बरेली रीजन की 430 बसों का आवंटन किया गया है। इन बसों की जनवरी के पहले सप्ताह से प्रयागराज के लिए रवानगी शुरू हो जाएगी। इससे पहले अभियान चलाकर बसों को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाएगा। प्रयागराज में बरेली रीजन अपना वर्कशॉप भी स्थापित करेगा।
प्रयागराज महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक होना है। महाकुंभ में देश-विदेश से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में यातायात साधनों के लिए शासन स्तर से अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रीजनल वर्कशॉप ने महाकुंभ के लिए आवंटित की जाने वाली बसों की सूची बना ली है।
बीएस-6 श्रेणी हैं इतनी बसें
बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो की बीएस-6 श्रेणी की 156 नई बसों को कुंभ के लिए आवंटित किया गया है। इसके अलावा बीएस-4 श्रेणी की 75 और बीएस-3 श्रेणी की 199 बसों का आवंटन महाकुंभ के लिए किया गया है। 430 बसों के अलावा चारों डिपो की 23 बसों को स्पेयर में भी रखा जाएगा।
डिपो आवंटित बसें अतिरिक्त
बरेली 130 07
रुहेलखंड 130 07
बदायूं 100 05
पीलीभीत 70 04
कुशल तकनीकी कर्मचारियों को साथ लाएं
सेवा प्रबंधक ने चारों डिपो के फोरमैन को निर्देशित किया है कि वह शुक्रवार को होने वाली बैठक में अपने साथ वर्कशॉप के कुशल तकनीकी कर्मचारियों को भी लाएं। प्रत्येक डिपो से एक बॉडी मैकेनिक, एक कारपेंटर और एक टिन स्मिथ को बैठक में बुलाया गया है। रीजनल वर्कशॉप के सीनियर फोरमैन ज्ञानचंद्र गुप्ता भी कुशल तकनीकी कर्मचारियों के साथ बैठक में रहेंगे।