डेंगू का डंक: बरेली मंडल में मिल चुके हैं 396 मरीज, शाहजहांपुर संवेदनशील; जानें बाकी जिलों का हाल
बरेली मंडल में डेंगू के कुल 396 मरीज मिल चुके हैं। इसमें शाहजहांपुर सबसे आगे है जहां 168 मरीज मिले हैं। खास बात यह है कि तापमान में गिरावट हुई है, लेकिन डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।
विस्तार
तापमान में गिरावट के बावजूद डेंगू का डंक थम नहीं रहा। बरेली मंडल में डेंगू के 396 मरीज मिल चुके हैं। 168 मरीजों के साथ शाहजहांपुर सबसे आगे है। यह कुल मरीजों की संख्या का करीब 42 फीसदी है। बदायूं में 127, बरेली में 51, पीलीभीत में 50 मरीज मिले हैं।
मंडलीय सर्विलांस अधिकारी अखिलेश्वर सिंह के मुताबिक, रात का पारा 15 डिग्री के नीचे पहुंच गया है पर दिन का तापमान अब भी 25 डिग्री के पार दर्ज हो रहा है। ऐसे में मच्छरों के लार्वा को बढ़ने के अनुकूल माहौल मिलता है। इसलिए डेंगू का डंक दिसंबर के मध्य तक जारी रह सकता है। मच्छरों के जीवन चक्र और अनुकूल परिस्थिति बने रहने से दिसंबर के उत्तरार्ध में भी नए मामले आ सकते हैं। अगर तेजी से तापमान लुढ़के तो लार्वा के नष्ट होने से डेंगू पर नकेल कस सकती है।
यह भी पढ़ें- यूपी: अखबार की खबर पढ़कर टूटा 'डिजिटल अरेस्ट' का खौफ, साइबर थाने पहुंची पीड़ित महिला ने बताई पूरी कहानी
विशेषज्ञों के अनुसार, डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर दिन में सक्रिय रहता है। कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियों और अन्य अनुपयोगी बर्तनों में जमा पानी इसके पनपने की वजह बनता है। तापमान घटने से मच्छरों की सक्रियता प्रभावित होती है, पर प्रजनन पूरी तरह बंद नहीं होता।
जनभागीदारी के बिना अंकुश मुश्किल
एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीज मिलने पर संबंधित क्षेत्र में केस आधारित गतिविधियां कराई जा रही हैं। बुखार के मरीजों का सर्वे और स्क्रीनिंग, फॉगिंग, लार्वा रोधी दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।
जलभराव वाले स्थानों और नालियों की सफाई के लिए पंचायती राज और नगर विकास विभाग से समन्वय किया जा रहा है। हालांकि, इन गतिविधियों के साथ लोगों का सहयोग मिले तो डेंगू पर प्रभावी अंकुश लग सकता है। क्योंकि डेंगू का मच्छर घरों में भी पनपता है, इसलिए लोगों को भी खुद जागरूक होना पड़ेगा।
सीएचसी फतेहगंज पश्चिमी में गैरहाजिर मिले दो कर्मचारी, परिसर में कचरा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहगंज पश्चिमी में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवा खामियों से घिरी मिलीं। फैमिली प्लानिंग काउंसलर सुनीता सक्सेना और फिजियोथेरेपिस्ट समीउद्दीन अनुपस्थित मिले।
अस्पताल में सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। चिकित्सालय के सभी पंखे गंदे पाए गए। सीएमओ ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। दवाओं की उपलब्धता की जांच में आवश्यक दवा सूची (ईडीएल) की 249 दवाओं के सापेक्ष 219 प्रकार की दवा उपलब्ध मिलीं। औषधि भंडार में रखी पैरासिटामॉल टेबलेट का स्टॉक रजिस्टर से नहीं मिल सका।
सीएमओ ने स्टॉक रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक में मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने, अनुशासन बनाए रखने और अस्पताल में सफाई बनाए रखने को कहा। केंद्र पर मेडिकोलीगल मामले मेडलीपार एप पर अपडेट करने को कहा।
