फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   नगर आयुक्त और पार्षद विवादों में उलझे, पब्लिक की समस्याएं कैसे सुलझें

नगर आयुक्त और पार्षद विवादों में उलझे, पब्लिक की समस्याएं कैसे सुलझें

Tue, 04 Jun 2019 01:11 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Tue, 04 Jun 2019 01:11 AM IST
विज्ञापन
नगर आयुक्त और पार्षद विवादों में उलझे, पब्लिक की समस्याएं कैसे सुलझें
बरेली। नगर आयुक्त और पार्षद विवादों में उलझे हैं और पब्लिक समस्याओं को लेकर परेशान है। सोमवार को भी नगर निगम में ऐसा ही नजारा नजर आया। भाजपा पार्षद पर रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर नगर आयुक्त के खिलाफ पार्षदों का विरोध सोमवार को अनिश्चितकालीन धरने में तब्दील हो गया। सुबह नौ बजे ही भाजपा पार्षद चारपाई और ढोलक-मजीरा लेकर नगर निगम पहुंचे। नगर आयुक्त कार्यालय के सामने गाते-बजाते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। नगर आयुक्त मीटिंग के सिलसिले में लखनऊ में रहे और प्रभारी नगर आयुक्त वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिए चले गए। इस दौरान शिकायतें लेकर नगर निगम पहुंची जनता इधर-उधर भटकती रही।
विज्ञापन

बता दें कि पोर्टेबल शॉप मामले में नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने भाजपा पार्षद विनोद सैनी और व्यापारी नेता दर्शनलाल भाटिया पर भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथी पार्षद पर रिपोर्ट दर्ज होने के चलते अन्य पार्षद नगर आयुक्त के खिलाफ आ गए हैं। इसको लेकर शनिवार को भी निगम में काफी हंगामा हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह नौ बजे ही उपसभापति अतुल कपूर, उपनेता छंगामल मौर्य, सतीश कातिब, नरेश शर्मा बंटी समेत तमाम मौजूदा और पूर्व पार्षद नगर निगम पहुंचे। नगर आयुक्त कार्यालय के सामने ही दरी और चारपाई डालकर धरने पर बैठ गए। नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी के साथ ही भाजपा पार्षदों ने सोमवार को नगर निगम में दिनभर भजन-कीर्तन किया और सुबह की चाय से लेकर दोपहर का भोजन और शाम का नाश्ता भी वहीं किया। गर्मी से बचने के लिए पंखा और पानी आदि का इंतजाम भी किया गया था। इसके बाद शाम को पार्षदों ने मीटिंग की और अगले दिन भी धरना प्रदर्शन की रणनीति बनाई।
विज्ञापन


पार्षद कक्ष में डाला ताला
पार्षदों ने पार्षद कक्ष में भी ताला डाल दिया। ताकि गर्मी से बचने के लिए कोई पार्षद वहां जाकर न बैठ सके। इसके चलते विरोध प्रदर्शन में शामिल न होने वाले पार्षद भी निगम में भटकते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


वार्ड को बना दिया कन्फ्यूजन बॉक्स, जलभराव से कौन खत्म कराए
बरेली। नगर निगम पहुंचे चक महमूद के लोगों ने बताया कि सलीमुल्ला मस्जिद के पास गली में पानी भरा है। ईद आने वाली है, गंदगी के चलते सब परेशान हैं लेकिन नगर निगम कोई सुनवाई नहीं करता। मोहल्ला दो वार्डों के बीच होने के चलते कन्फ्यूजन बॉक्स बन गया है, दोनों में से एक भी काम नहीं करता है। काफी देर तक निगम में भटकने के बाद लोगों ने चीफ इंजीनियर एसके अंबेडकर को यह समस्या सुनाई। शिकायत करने वालो में नाजमा बेगम, महनाज, शाहीन, महमूदा आदि मौजूद रहीं।

साहब नाली बनवा दो, घरों में पानी भर रहा है
बरेली। मढ़ीनाथ में विक्रम कोचिंग वाली गली में रहने वाले लोग भी नगर निगम पहुंचे। बताया, नाली न होने से गंदा पानी सड़क पर भर गया है। दो साल से वहां पर जलभराव की स्थिति है। अब तो लोगों के घरों में भी पानी भरने लगा है। लगातार नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद कोई उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। शिकायत करने वालों में विश्वमोहन गुप्ता, राजेश कुमार, प्रदीप कश्यप, अर्जुन गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

इधर-उधर की गली बन रही, बीच में छोड़ दिया
बरेली। संजयनगर में हेलीकॉप्टर कोठी मठिया के पास रहने वाले लोग भी निगम पहुंचे। बताया उनकी गली के आसपास रोड और नाली का निर्माण हो रहा है लेकिन बीच का हिस्सा छोड़ दिया गया है। उनका कहना है कि अगर बीच की यह सड़क नहीं बनी तो उन लोगों के घरों में पानी भर जाएगा। मगर निगम अफसर उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। शिकायत करने वालों में बाबूराम, दीनानाथ, किशनलाल, ओमशंकर, सोहनलाल आदि मौजूद रहे।

सपा पार्षद बोले- दोषी को छोड़, निर्दोष को फंसाया
बरेली। सपा पार्षद दल ने विनोद सैनी पर दर्ज कराई रिपोर्ट लेकर कमिश्नरी में अपर आयुक्त अरुण कुमार को ज्ञापन दिया। उन लोगों ने कहा कि विनोद सैनी ने जिला पंचायत रोड पर स्वजातीय दुकानदारों की मदद की बात कही थी, न कि टीन के खोखे उन्होंने रखवाए। इंदिरा मार्केट से भी उनका कोई वास्ता नहीं है, मगर जांच टीम ने दोषियों को बचाकर विनोद सैनी को फंसा दिया। उन्होंने मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की। इस दौरान राजेश अग्रवाल, अकील गुड्डु, नरेश कुमार, सलीम पटवारी, इकबाल बिल्डर आदि मौजूद रहे।

डीएम से मिले व्यापारी, एडीएम करेंगे दोबारा जांच
बरेली। व्यापारी नेता दर्शन लाल भाटिया पर रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर उप्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से मुलाकात की। उन लोगों ने साथी व्यापारी पर रिपोर्ट को व्यापारी समाज पर कुठाराघात बताया। कहा- व्यापारी से न पूछताछ हुई और न ही बयान लिए गए। इस पर डीएम ने कहा कि निगम ने जांच कराई थी, सिटी मजिस्ट्रेट उसके एक सदस्य थे। साथ ही आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच एडीएम सिटी से करा लेंगे। इस दौरान दुर्गेश खटवानी, राकेश बूबना, अनूप अग्रवाल, दर्शन लाल भाटिया, राजेश जसोरिया आदि मौजूद रहे।


नगर आयुक्त का पुतला फूंका
सीबीगंज। रोहिलखंड उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले सीबीगंज में नगर आयुक्त का पुतला दहन कर नारेबाजी की गई। व्यापार मंडल के युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सर्वेश सिंह ने कहा, नगर आयुक्त किसी राजनेता के कहने पर कभी व्यापारियों पर राजनीति करने का आरोप लगाते हैं तो कभी पार्षदों को चोर बताते हैं। क्या महापौर व पार्षदों से बैर रखकर शहर का विकास किया जा सकता है। क्षेत्र में गंदगी के ढेर लगे हैं और नाला सफाई नहीं हो रही है, निगम अफसर राजनीति में उलझे हैं। इस दौरान प्रदीप, श्यामवीर सिंह, हरीश गुप्ता, सत्येंद्र प्रजापति, अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे। हालांकि इसके कुछ देर बाद ही सीबीगंज में नाले की सफाई शुरू हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed