Train Cancelled: आज बरौनी-जम्मूतवी एक्सप्रेस समेत 15 ट्रेनें निरस्त, कल से दिल्ली रूट पर मिलेगी राहत
बाढ़ और बारिश की वजह से आज भी कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी। ट्रेनों को लगातार निरस्त और शॉर्ट टर्मिनेट किए जाने से यात्रियों की संख्या भी कम हो गई थी। हालांकि कल से दिल्ली रूट पर राहत मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
बरेली जंक्शन से होकर गुजरने वाली 15 ट्रेनें सोमवार को भी निरस्त रहेंगी। हालांकि, मंगलवार से इस रूट पर यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में यमुना नदी का पुराना पुल संख्या 249 ट्रेनों के संचालन के लिए खोल दिया गया है। पुल से ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद बरेली-दिल्ली के बीच यात्रा में समस्या नहीं होगी। अब तक दिल्ली के लिए बदले रूट से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा था।
ट्रेनों को लगातार निरस्त और शॉर्ट टर्मिनेट किए जाने से यात्रियों की संख्या भी कम हो गई थी। दिल्ली, देहरादून, चंडीगड़, अंबाला और जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी हो रही थी।
बरेली-दिल्ली के बीच ट्रेनों का संचालन सामान्य होने के बाद चंडीगढ़ और अंबाला की ओर जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। रेलवे की ओर से रविवार देर शाम जानकारी दी गई कि यमुना नदी के पुल को खोले जाने के बाद इस रूट की ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी है।
ये ट्रेनें आज भी रहेंगी निरस्त
05268 अमृतसर-जयनगर स्पेशल एक्सप्रेस, 15212 अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस, 14617/18 अमृतसर-बनमंखी एक्सप्रेस, 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस, 12491 बरौनी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 15531 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस, 22423 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, 15655 कामाख्या-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस, 15532 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस आदि ट्रेनें निरस्त रहेंगी।
ये भी पढ़ें- पति संग कतई नहीं रहूंगी: शादी के 18 साल बाद देवर पर आया दिल...थाना-पंचायत में भी न मानी, फिर इश्क से हारी ममता
सत्याग्रह एक्सप्रेस ने 11 घंटे कराया इंतजार
बारिश और बाढ़ के बीच ट्रेनें यात्रियों को घंटों इंतजार करा रही हैं। रविवार को 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस ने यात्रियों को 11 घंटे और 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ने सात घंटे इंतजार कराया। 12202 गरीब रथ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से बरेली आई। लखनऊ मेल, इंटरसिटी एक्सप्रेस भी देर से बरेली आईं।